
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। विधायक और प्रभारी मंत्री निधि से विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले विकास कार्यों की रफ्तार को लेकर प्रशासनिक सुस्ती और जनप्रतिनिधियों की मॉनिटरिंग का बड़ा अंतर उजागर हुआ है। जिला योजना एवं सांख्यिकी विभाग की वर्ष 2025-26 की रिपोर्ट के मुताबिक, जिले के कुल 21.38 करोड़ रुपये के आवंटन के विरुद्ध अब तक 12.68 करोड़ ही खर्च हो पाए हैं।
जिले की छह विधानसभाओं में विधायक निधि के 1598.40 लाख और प्रभारी मंत्री की निधि के 540 लाख रुपये मिलाकर कुल 2138.40 लाख रुपये का आवंटन प्राप्त हुआ है। इसके विरुद्ध कुल 284 विकास कार्य स्वीकृत किए गए, जिनमें से अब तक 151 कार्य ही पूर्ण हो सके हैं, जबकि 122 प्रगतिरत और 11 कार्य शुरू ही नहीं हुए हैं। यानी कुल 133 विकास कार्य अधूरे अटके पड़े हैं।
आंकड़ों के विश्लेषण से साफ है कि ग्रामीण विधानसभाओं में जनप्रतिनिधियों की सक्रियता से काम तेजी से जमीन पर उतर रहे हैं। कोटा, मस्तूरी और बेलतरा विधानसभा में अधिकांश स्वीकृत कार्य पूरे कर लिए गए हैं और एक भी कार्य अप्रारंभ नहीं है। इसके विपरीत, पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल के गढ़ बिलासपुर शहर विधानसभा में विकास कार्यों को ग्रहण लग गया है। शहर और बिल्हा क्षेत्र में तकनीकी स्वीकृति व एजेंसियों की लेटलतीफी के कारण सबसे ज्यादा काम अधूरे पड़े हैं।
कोटा अटल श्रीवास्तव: विधायक निधि से मिले 236.80 लाख के आवंटन में 192.08 लाख रुपये खर्च किए। स्वीकृत 64 कार्यों में सर्वाधिक 40 कार्य पूरे कराए और 24 प्रगतिरत हैं, जबकि अप्रारंभ काम शून्य हैं।
मस्तूरी दिलीप लहरिया: विधायक निधि से आवंटित 296 लाख में से 173.74 लाख रुपये व्यय हुए। स्वीकृत 46 कार्यों में से 34 कार्य पूर्ण हो चुके हैं और 12 प्रगतिरत हैं, यहां भी एक भी काम अप्रारंभ नहीं है।
बेलतरा सुशांत शुक्ला: विधायक निधि के 296 लाख आवंटन में से 150.78 लाख खर्च हुए। स्वीकृत 34 कार्यों में से 28 कार्य पूरे हो चुके हैं और केवल 6 कार्य प्रगतिरत हैं।
तखतपुर धर्मजीत सिंह: विधायक निधि से मिले 296 लाख में सर्वाधिक 200.20 लाख रुपये व्यय किए। स्वीकृत 28 कार्यों में से 12 पूर्ण हो चुके हैं और 16 काम प्रगतिरत हैं।
बिलासपुर शहर अमर अग्रवाल: विधायक निधि से आवंटित 296 लाख में से 122.50 लाख रुपये ही खर्च हो पाए। स्वीकृत 25 कार्यों में से महज 7 कार्य पूर्ण हुए हैं, जबकि 15 प्रगतिरत और 3 काम शुरू ही नहीं हो सके हैं।
बिल्हा धरमलाल कौशिक: विधायक निधि के 177.60 लाख आवंटन में 98.99 लाख खर्च हुए। स्वीकृत 17 कार्यों में केवल 6 पूर्ण हुए हैं, जबकि 9 प्रगतिरत और 2 कार्य अप्रारंभ हैं।
जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव की निधि से छहों विधानसभाओं के लिए कुल 540 लाख रुपये का बजट जारी किया गया है। इसमें से अब तक 329.99 लाख रुपये ही व्यय हो सके हैं। स्वीकृत कुल 70 कार्यों में से सर्वाधिक 8 कार्य मस्तूरी (15 में से) में पूरे हुए हैं। इसके अलावा कोटा में 14 में से 4, तखतपुर में 10 में से 4, बेलतरा में 9 में से 3, बिल्हा में 8 में से 3 और बिलासपुर शहर में 14 में से मात्र 2 कार्य ही पूर्ण हो पाए हैं, जबकि शेष काम प्रगति व अप्रारंभ की श्रेणी में हैं।
क्षेत्र के दौरे के दौरान सीसी रोड, बोरिंग, स्कूल मरम्मत या सामाजिक कार्यों की जैसी भी मूलभूत मांग आती है, उसे तत्काल विधायक निधि से स्वीकृत कर जनपद व जिला सीईओ से समन्वय बनाकर राशि जारी कराई जाती है। काम की गुणवत्ता से समझौता न हो, इसकी भी निगरानी की जाती है। लगातार दौरे और मॉनिटरिंग के कारण ही ग्रामीणों की छोटी-बड़ी मांगें समय पर पूरी हो रही हैं।
-अटल श्रीवास्तव, विधायक कोटा