
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: शहर में गर्मी के दिनों में पानी की किल्लत से राहत दिलाने के लिए नगर निगम अमृत मिशन योजना के तहत पाइपलाइन विस्तार कार्य को तेजी से आगे बढ़ा रहा है। इस योजना के तहत शहर की चार प्रमुख सड़कों पर खोदाई कर नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने नगर निगम के आवेदन के आधार पर रोड कटिंग के लिए प्रस्ताव तैयार कर लिया है।
नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद बहतराई, राजकिशोर नगर और सिरगिट्टी जैसे बड़े इलाकों में जल संकट का स्थायी समाधान होगा। साथ ही जलागारों तक पानी का दबाव भी बेहतर तरीके से पहुंचेगा।
अमृत मिशन योजना के तहत बिरकोना स्थित 72 एचएलडी क्षमता वाले जल शोधन संयंत्र से शहर के पांच प्रमुख जलागारों को जोड़ा जाएगा। इनमें बहतराई, राजकिशोर नगर, लिंगियाडीह, देवरीखुर्द और सिरगिट्टी के जलागार शामिल हैं।
इन जलागारों तक पानी की आपूर्ति बेहतर बनाने के लिए 150 एमएम से 350 एमएम व्यास की पाइपलाइन बिछाई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार पाइपलाइन बिछाने का काम अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है।
नेशनल हाईवे के दायरे में आने वाली चार प्रमुख सड़कों पर पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदाई की जाएगी। इसके लिए नगर निगम ने पीडब्ल्यूडी को विस्तृत कार्ययोजना सौंप दी है।
पीडब्ल्यूडी को भेजे गए पत्र में यह स्पष्ट किया गया है कि पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क की मरम्मत और पुनर्स्थापना का काम अनुबंधित फर्म द्वारा कराया जाएगा, ताकि आवागमन में लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
अमृत मिशन योजना के तहत चार प्रमुख रूटों पर पाइपलाइन विस्तार किया जाएगा।
नगर निगम प्रशासन ने गर्मी के मौसम से पहले इस परियोजना को पूरा करने की योजना बनाई है। अधिकारियों के अनुसार पाइपलाइन बिछने के बाद शहर के नए विकसित वार्डों में पानी का दबाव बढ़ेगा और लोगों को नियमित जल आपूर्ति मिल सकेगी।
नगर निगम के जल विभाग ने PWD से लोकहित और पेयजल की आवश्यकता को देखते हुए जल्द अनुमति देने का अनुरोध किया है, ताकि समय रहते पाइपलाइन विस्तार का कार्य पूरा किया जा सके।