
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने और रील्स के जरिए लाइक्स बटोरने की होड़ युवाओं को लगातार जोखिम भरे कारनामों की ओर धकेल रही है। बिलासपुर के कोनी थाना क्षेत्र में ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां चलती स्कार्पियो की छत पर जन्मदिन मनाने, केक काटने और आतिशबाजी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने काले रंग की स्कार्पियो को जब्त कर चालक के खिलाफ यातायात नियमों के उल्लंघन का प्रकरण दर्ज किया है।
सीएसपी गगन कुमार (आईपीएस) के अनुसार, 24 मई की रात रतनपुर से रायपुर जाने वाली सर्विस रोड पर स्कार्पियो चालक अरविंद सैनी अपनी महिला मित्र के साथ यात्रा कर रहा था। इसी दौरान चलती गाड़ी की छत पर केक रखकर जन्मदिन मनाया गया। इतना ही नहीं, वाहन के चलते रहने के दौरान पटाखे जलाकर आतिशबाजी भी की गई।
प्रत्यक्ष रूप से यातायात नियमों की अनदेखी करते हुए वाहन को तेज गति और लापरवाही से चलाया गया। पूरी घटना का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर साझा किया गया, जो कुछ ही समय में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कोनी पुलिस ने वाहन की पहचान कर उसे जब्त कर लिया। जांच के दौरान चालक की पहचान कुदुदंड निवासी 31 वर्षीय अरविंद सैनी के रूप में हुई।
पुलिस ने वाहन को थाने लाकर चालक से पूछताछ की। पूछताछ में अरविंद सैनी ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू की गई।
सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाह में युवाओं के बीच खतरनाक स्टंट का चलन लगातार बढ़ रहा है। हाईवे और सार्वजनिक सड़कों पर जन्मदिन मनाने, चलती गाड़ियों पर चढ़कर वीडियो बनाने, बाइक और कार से स्टंट करने जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे वीडियो समाज में गलत संदेश पहुंचाते हैं। खासकर युवा वर्ग इन वीडियो को देखकर प्रभावित होता है और उनकी नकल करने की कोशिश करता है। इससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कई गुना बढ़ जाती है।
पुलिस और प्रशासन द्वारा समय-समय पर चेतावनी जारी किए जाने के बावजूद लोग नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। अब पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की निगरानी कर ऐसे मामलों में सीधे कार्रवाई कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि मनोरंजन, प्रसिद्धि और सोशल मीडिया की लोकप्रियता के लिए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डालें। सार्वजनिक सड़कों पर किसी भी तरह की लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।
अधिकारियों ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है और सड़कें स्टंट या प्रदर्शन के लिए नहीं हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क पर स्टंट करने, चलती गाड़ियों पर चढ़ने, आतिशबाजी करने या यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
अधिकारियों के मुताबिक चलती गाड़ी की छत पर चढ़कर केक काटना और पटाखे जलाना न केवल मोटर व्हीकल एक्ट का उल्लंघन है, बल्कि यह सार्वजनिक सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है। ऐसे मामलों में वाहन जब्ती, चालान और अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने अभिभावकों से भी आग्रह किया है कि वे युवाओं को यातायात नियमों का पालन करने और जिम्मेदार व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करें।
इस बीच सोशल मीडिया पर एक और वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें कुछ युवक स्विफ्ट डिजायर कार के पिछले बोनट पर लटककर रील बनाते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार की पहचान कर ली है और वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की तलाश शुरू कर दी है।
सोशल मीडिया पर इन दिनों सड़क पर जन्मदिन मनाने से जुड़े दो अन्य वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहे हैं। दोनों वीडियो में युवक सार्वजनिक स्थानों पर जन्मदिन मनाते दिखाई दे रहे हैं।
एक वीडियो में सड़क पर आतिशबाजी की जा रही है, जबकि दूसरे वीडियो में एक युवक धारदार हथियार से केक काटता नजर आ रहा है। इनमें से एक वीडियो कोटा क्षेत्र और दूसरा कोतवाली क्षेत्र का बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार दोनों वीडियो उनके संज्ञान में आ चुके हैं। कोतवाली पुलिस ने संबंधित युवकों की पहचान कर ली है, हालांकि वे अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। वहीं कोटा पुलिस ने भी वीडियो में दिख रहे युवकों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पिछले तीन दिनों के भीतर सड़क पर खतरनाक तरीके से जन्मदिन मनाने और स्टंट करने के मामलों में तीन वाहनों को जब्त किया जा चुका है। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों को देखते हुए पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष निगरानी रख रही है और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।