
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। रेलवे स्टेशन परिसर में यात्रियों को आवारा कुत्तों से होने वाले खतरे को देखते हुए नगर निगम ने धरपकड़ अभियान चलाया। निगम की टीम ने प्लेटफार्म, बुकिंग कार्यालय और सर्कुलेटिंग एरिया में घूम रहे कुत्तों को पकड़ा। रेलवे प्रशासन के निवेदन पर यह कार्रवाई की गई है।
रेलवे स्टेशन शहर के सबसे व्यस्त सार्वजनिक स्थलों में शामिल है। यहां प्रतिदिन हजारों यात्रियों का आना-जाना लगा रहता है। इनमें बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं भी शामिल हैं। ऐसे में स्टेशन परिसर में आवारा कुत्तों की मौजूदगी यात्रियों के लिए परेशानी के साथ सुरक्षा का खतरा भी बनी हुई है। कई बार कुत्तों के अचानक दौड़ने या काटने की आशंका से यात्री असहज हो जाते हैं।
इसी समस्या को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने नगर निगम से स्टेशन परिसर में अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को पकड़ने का आग्रह किया था। इसके बाद निगम की टीम ने कार्रवाई की। अभियान का उद्देश्य यात्रियों को कुत्तों के खतरे से बचाना और स्टेशन परिसर को सुरक्षित बनाना है।
हालांकि, नियमित निगरानी और समय-समय पर ऐसे अभियान चलाना भी जरूरी होगा, ताकि दोबारा कुत्तों का जमावड़ा न हो। अभियान के दौरान निगम अमला ने चार कुत्तों को पकड़ा है।