
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक एवं शिक्षक भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट की मुख्य न्यायाधीश कृष्णराम महापात्र की अध्यक्षता वाली डिवीजन बेंच ने सहायक शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में दिव्यांगों के आरक्षण रोस्टर को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई करते हुए पूरी भर्ती परीक्षा पर अंतरिम रोक लगा दी है।
हाई कोर्ट के इस कड़े आदेश के परिपालन में छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल व्यापमं/कर्मचारी चयन मंडल, रायपुर ने त्वरित कदम उठाते हुए आगामी 11 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा (LSAT26) को स्थगित करने की आधिकारिक विज्ञप्ति जारी कर दी है।
हाई कोर्ट में याचिकाकर्ताओं की ओर से पैरवी करते हुए अधिवक्ता रूंगटा ने दलील दी कि राज्य शासन द्वारा जारी भर्ती विज्ञापन में अन्य श्रेणी के दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए पद आरक्षित किए गए हैं, लेकिन 'पूर्ण दृष्टिबाधित' उम्मीदवारों को इस व्यवस्था से पूरी तरह बाहर रखा गया है।
उन्होंने सामान्य प्रशासन विभाग और समाज कल्याण विभाग के दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि पूर्ण दृष्टिबाधितों को मौका न देना उनके संवैधानिक अधिकारों का सीधा उल्लंघन है। याचिका में भर्ती की शर्तों और भेदभावपूर्ण आरक्षण रोस्टर को चुनौती दी गई थी, जिस पर सुनवाई करते हुए मुख्य न्यायाधीश की पीठ ने राज्य सरकार से जवाब तलब किया है।
हाई कोर्ट द्वारा प्रकरण क्रमांक WPS No. 6783 of 2026 में 9 अक्टूबर 2026 को पारित स्थगनादेश के परिपालन में छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (व्यापमं) रायपुर के परीक्षा नियंत्रक ने आधिकारिक विज्ञप्ति क्रमांक / एस.एस.बी. / परीक्षा एफ 20/2026/411 जारी की है।
विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया है कि लोक शिक्षण संचालनालय के अंतर्गत 11 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाली सहायक शिक्षक भर्ती लिखित परीक्षा LSAT26 अब 11 तारीख को आयोजित नहीं की जाएगी। परीक्षा की नई तिथियों की घोषणा हाई कोर्ट के आगामी निर्णय के बाद की जाएगी।