
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। समुद्री तूफान अकवन के प्रभाव से बदले मौसम (Aaj Ka Mausam) का मिजाज अब धीरे-धीरे सर्दी की ओर बढ़ने वाला है। रविवार 22 नवंबर को वर्षा की संभावना बनी हुई है, लेकिन रात से मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगेंगे। 23 नवंबर से आसमान साफ होना शुरू होगा और 24 नवंबर से ठंड तेजी से बढ़ेगी। मौसम का यह बदला रूप पूरे सप्ताह यानी 28 नवंबर तक बना रहने के आसार हैं।
मौसम के अगले सात दिन बिलासपुर और आसपास के इलाकों के लिए उतार-चढ़ाव भरे रहने वाले हैं। रविवार को आसमान में बादलों का डेरा रहेगा। दोपहर और शाम के समय हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। दिनभर नमी और ठंडी हवाओं का असर महसूस होगा। हालांकि रविवार की रात से मौसम में धीरे-धीरे बदलाव शुरू होने की संभावना है।
सोमवार 23 नवंबर को आसमान से बादल छंटने लगेंगे। वर्षा की गतिविधियों में कमी आएगी और मौसम खुलने की शुरुआत होगी। इसके बाद मंगलवार 24 नवंबर से तापमान में गिरावट का असर स्पष्ट दिखाई देने लगेगा। रात और सुबह की ठंड बढ़ेगी। खुले इलाकों और बाहरी क्षेत्रों में सर्द हवाओं के कारण ठिठुरन ज्यादा महसूस हो सकती है।
25 से 28 नवंबर तक मौसम में ठंडक का प्रभाव लगातार बने रहने की संभावना है। आसमान सामान्यतः साफ रहने से रात के तापमान में गिरावट महसूस होगी। सुबह-शाम गर्म कपड़ों की जरूरत बढ़ेगी। मौसम के इस बदलाव के साथ नवंबर के अंतिम सप्ताह में सर्दी अपना असर दिखाने लगेगी। ऐसे में लोगों को बदलते तापमान के अनुरूप दिनचर्या में सावधानी बरतनी होगी।