
नईदुनिया प्रतिनिधि बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े शासकीय अस्पताल सिम्स (छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज) परिसर में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब शवगृह के पास मालवाहक वाहन से उतारते समय एक आक्सीजन सिलेंडर अचानक नीचे गिर गया। सिलेंडर गिरते ही उसमें से तेज दबाव के साथ गैस का रिसाव होने लगा। गैस निकलने की सनसनाती तेज आवाज सुनकर आसपास मौजूद मरीजों के परिजनों और कर्मचारियों में दहशत फैल गई।
इसी बीच किसी ने अस्पताल परिसर में किसी ने अफवाह फैला दी कि 'ऑक्सीजन सिलेंडर फट गया है। इस अफवाह के बाद डर का माहौल दोगुना हो गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। अस्पताल परिसर में करीब 15 मिनट तक भगदड़ जैसी स्थिति बनी रही।
हंगामे की खबर मिलते ही वे तुरंत डाक्टरों और सुरक्षाकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने खुद स्थिति का जायजा लिया और लाउडस्पीकर व संवाद के जरिए लोगों को ढांढस बंधाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सिलेंडर फटा नहीं है, बल्कि गिरने की वजह से केवल गैस लीक हुई थी। अस्पताल प्रबंधन और सुरक्षा अमले की तत्परता से कुछ ही देर में स्थिति पूरी तरह सामान्य हो गई।
अधीक्षक डा़ लखन सिंह ने बताया कि इस पूरी घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है और न ही कोई घायल हुआ है। वास्तविक खतरे से कहीं ज्यादा नुकसान अफवाह के कारण हो सकता था, जिसे समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसी संवेदनशील जगहों पर बिना पुष्टि के किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।