
बिलासपुर नईदुनिया प्रतिनिधि: न्यायधानी बिलासपुर में सूर्य उपासना और लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार से विधिवत शुरू हो गया है। इस महापर्व को लेकर घरों से लेकर बाजारों और अरपा नदी के छठघाट तक सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। महापर्व के पहले दिन शुक्रवार को नहाय-खाय की परंपरा के साथ व्रती महिलाओं ने पवित्र स्नान और पूजा-पाठ कर व्रत का संकल्प लिया।
आज शाम को अरपा नदी तट स्थित छठघाट पर 5100 दीयों से मां अरपा की भव्य महाआरती की जाएगी, जिसके बाद 15 से 20 मिनट तक शानदार आतिशबाजी होगी।
200 मीटर बढ़ाया गया छठघाट: श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन और समिति ने इस बार छठघाट की लंबाई 800 मीटर से बढ़ाकर 1000 मीटर (1 किलोमीटर) कर दी है। गुरुवार को कलेक्टर और एसएसपी ने स्वयं घाट पहुंचकर सुरक्षा व व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
ट्रैफिक और सुरक्षा के कड़े इंतजाम: श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 8 पार्किंग जोन, 6 प्रवेश द्वार और 15 कंट्रोल पॉइंट बनाए गए हैं। इसके साथ ही व्यवस्था संभालने के लिए 525 स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है।
विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी: छठ पूजा समिति के डॉ. धर्मेंद्र दास ने बताया कि महाआरती में संत श्री श्री 1008 प्रेमदास महाराज (ब्रह्मबाबा) विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। इस भव्य आयोजन में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और उप मुख्यमंत्री अरुण साव सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी भी शामिल होंगे। इस दौरान श्रद्धालुओं को अरपा नदी को सालभर प्रदूषण और प्लास्टिक मुक्त रखने का संकल्प दिलाया जाएगा।
छठ पूजा आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रवीण झा ने व्रतियों और श्रद्धालुओं से विशेष अपील करते हुए स्पष्ट किया है कि घाट पर किसी को भी पहले से अपना नाम या निशान लिखकर जगह आरक्षित करने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे किसी भी निशान को तुरंत मिटा दिया जाएगा। समिति ने 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर सभी को पूजा के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है। साथ ही घाट की स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।
13 नवंबर (शुक्रवार): नहाय-खाय के साथ पर्व की शुरुआत।
14 नवंबर (शनिवार): खरना का आयोजन और 36 घंटे के निर्जला व्रत का आरंभ।
15 नवंबर (रविवार): अस्ताचलगामी (डूबते) सूर्य को पहला अर्घ्य।
16 नवंबर (सोमवार): उदीयमान (उगते) सूर्य को अर्घ्य देने के साथ व्रत का पारण।
पंडित संदीप ज्योतिषी के अनुसार, छठ पर्व सूर्य देव और छठी मैया को समर्पित कठिन साधना का पर्व है, जिससे संतान की खुशहाली और परिवार की उन्नति का आशीर्वाद मिलता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, जल में खड़े होकर सूर्य देव को अर्घ्य देने की परंपरा महाभारत काल में सूर्यपुत्र कर्ण की सूर्य उपासना से जुड़ी हुई है।