
बिलासपुर(निप्र)। दुष्कर्म को लेकर नेताओं की बयानबाजी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री रामसेवक पैकरा के बयान कि रेप धोखे से हो जाता है के बाद कांग्रेस विधायक रामदयाल उइके ने कहा कि प्रेमप्रसंग बिगड़ने पर दुष्कर्म होता है। विधायक के बयान के बाद नया विवाद खड़ा हो गया है।
पाली तानाखार विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामदयाल उइके अपने गृह ग्राम बस्तीबगरा इलाके के दौरे पर आए थे। इस दौरान विधायक श्री उइके ने कहा कि दुष्कर्म तभी होता है, जब प्रेमप्रसंग का मामला बिगड़ जाता है। श्री उइके के मुताबिक जब प्रेम रहता है, तब तक ठीक है और जब बिगड़ जाता है, तब बलात्कार होता है।
श्री उइके दुष्कर्म के पीछे शराब को भी जिम्मेदार मानते हैं। गृह मंत्री रामसेवक पैकरा के बयान को गैरजिम्मेदाराना बताते हुए उन्होंने कहा कि पद की गरिमा के अनुरूप उन्हें बयान देना था। यह बयान उनकी छोटी मानसिकता को उजागर करता है। अपने बयान के लिए गृहमंत्री को मांफी मांगनी चाहिए। विधायक उइके ने कहा कि कोई भी दुष्कर्म धोखे से नहीं होता है।