यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 28, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bilaspur Crime News: सड़क पर चलने काे लेकर विवाद, युवकों ने बाइक सवार को रोककर मार दिया चाकू
Bilaspur Crime News: हमले के बाद युवक अपनी बाइक लेकर भाग निकले। इधर गोवर्धन और अनिल ने घायल मनोज को चांटापारा स्थित निजी अस्पताल में लेकर गए।
By Manoj Kumar TiwariEdited By: Manoj Kumar Tiwari
Publish Date: Fri, 28 Jul 2023 10:12:29 AM (IST)Updated Date: Fri, 28 Jul 2023 10:12:29 AM (IST)

बिलासपुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। सिविल लाइन क्षेत्र के व्यापार विहार गुंबर पेट्रोल पंप के पास युवकों ने सड़क पर चलने के नाम पर विवाद करते हुए बाइक सवार को रोककर चाकू मार दिया। हमले में घायल युवक को अपोलो में भर्ती कराया गया है। घटना की शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है। भारतीय नगर में रहने वाले अनिल पुरी गोस्वामी कंस्ट्रक्शन का काम करते हैं।
बुधवार की रात वे अपने दोस्तों मनोज सूर्यवंशी और गोवर्धन वर्मा के साथ व्यापार विहार में खरीदारी के लिए गए थे। खरीदारी के बाद वे अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। उनके पीछे ही मनोज और गोवर्धन दूसरी बाइक में थे। रास्ते में बाइक चलाने को लेकर मनोज और गोवर्धन का कुछ लड़कों से विवाद हो गया। इसके बाद दोनों बाइक से भारतीय नगर की ओर आ रहे थे।
तभी पीछे से तीन-चार बाइक में आए युवकों ने गुंबर पेट्रोल पंप के पास उन्हें रोक लिया। दो लड़कों ने बाइक ठीक से नहीं चलाने की बात कहते हुए मनोज और गोवर्धन से मारपीट करने लगे। मारपीट के बीच युवकों ने मनोज के पेट में चाकू से हमला कर दिया। इससे लहूलुहान मनोज जमीन पर गिर गए।
हमले के बाद युवक अपनी बाइक लेकर भाग निकले। इधर गोवर्धन और अनिल ने घायल मनोज को चांटापारा स्थित निजी अस्पताल में लेकर गए। डाक्टरों ने उनकी स्थिति देखते हुए अपोलो रेफर कर दिया। अपोलो में भर्ती कर मनोज का उपचार किया जा रहा है। अनिल ने घटना की शिकायत सिविल लाइन थाने में की है। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।