यात्रियों को सुविधा, अब ब्रजराजनगर स्टेशन में भी ठहरेंगी ये दो ट्रेनें
रेलवे की व्यवस्था, आगमन व प्रस्थान समय भी किया जारी
By Yogeshwar Sharma
Edited By: Yogeshwar Sharma
Publish Date: Thu, 05 May 2022 08:56:54 AM (IST)
Updated Date: Thu, 05 May 2022 08:56:54 AM (IST)

बिलासपुर। बिलासपुर रेल मंडल के ब्रजराजनगर रेलवे स्टेशन में अब दो महत्वपूर्ण ट्रेनें ठहरेंगी। यह स्थाई व्यवस्था है। रेलवे ने दोनों ट्रेनों के इस स्टेशन में आगमन व प्रस्थान का समय भी निर्धारित कर दिया है। जिन दो ट्रेनों का स्टापेज दिया गया है। उनमें पहली ट्रेन 22866/22865 पुरी- कुर्ला एक्सप्रेस है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से चलने वाली यह महत्वपूर्ण ट्रेन है। पर ब्रजराजनगर स्टेश्ान में ठहराव नहीं होने से यात्रियों को परेशानी होती थी। यात्री हमेशा इसकी मांग करते थे। विरोध तक हुआ है। पर इसकी आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
रेलवे ने इस ट्रेन का ठहराव दे दिया है। 22866 पुरी-कुर्ला एक्सप्रेस ट्रेन ब्रजराजनगर स्टेशन मे 14.10 बजे पहुंचकर 14.12 बजे रवाना होगी। इसी प्रकार विपरीत दिशा कुर्ला से चलने वाली 22865 कुर्ला-पुरी ट्रेन ब्रजराजनगर स्टेशन मे 23.10 बजे पहुंचकर 23.12 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन दो मिनट यहां ठहरेगी। इसके अलावा 18477/18478 पुरी - योगनगरी उत्कल एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव ब्रजराजनगर रेलवे स्टेशन में दिया जा रहा है। नई व्यवस्था के तहत 18477 पुरी - योगनगरी उत्कल ट्रेन ब्रजराजनगर स्टेशन में 11.00 बजे पहुंचकर 11.02 बजे रवाना होगी। इसी प्रकार विपरीत दिशा में भी योगनगरी से चलने वाली 18478 योगनगरी-पुरी उत्कल ट्रेन ब्रजराजनगर स्टेशन में 12.40 बजे पहुंचकर 12.42 बजे गंतव्य के लिए रवाना होगी।
इस सुविधा से यात्री राहत महसूस कर रहे हैं। ऐसा नहीं है कि इसका लाभ केवल ब्रजरानगर के लोगों को मिलेगा। यह सुविधा सभी के लिए है। कोई ब्रजराजनगर स्टेशन में उतरना चाहता है तो वह अब यात्रा समाप्त कर सकता है। उन्हें आगे स्टेशनों से उतरकर दूसरे साधन से वापस आने का झमेला नहीं रहेगा। रेलवे कर्मचारियों के लिए भी सुविधाजनक है। ऐसे कई कर्मचारी है, जिनकी ब्रजराजनगर में पोस्टिंग है पर स्वजन बिलासपुर में रहते हैं। बीच-बीच में अवकाश के दिनों वे यहां पहुंचते हैं। दो और ट्रेनों के स्टापेज होने से ऐसे रेलकर्मियों को राहत मिलेगी। दोनों ट्रेन का परिचालन समय यात्रियों के लिए बेहद सुविधाजनक है।