यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 20, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बिलासपुर में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार शिक्षक की मौत
सड़क दुर्घटना में घायल युवक की बाइक ले गए चोर
By Yogeshwar SharmaEdited By: Yogeshwar Sharma
Publish Date: Wed, 20 Jul 2022 11:53:31 AM (IST)Updated Date: Wed, 20 Jul 2022 11:53:31 AM (IST)

बिलासपुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। मंगलवार की शाम मस्तूरी रोड में खाद से भरे ट्रक की टक्कर से बाइक सवार शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल शिक्षक को आसपास के लोगों ने मस्तूरी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां पर डाक्टरों ने शिक्षक को मृत घोषित कर इसकी सूचना पुलिस को दी। इस पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया है। मस्तूरी क्षेत्र के भनेसर में रहने वाले अनुप कुमार बरला(44) कुकुर्दीकेरा प्राथमिक स्कूल में शिक्षक थे।
मंगलवार की शाम वे अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। बाइक सवार शिक्षक मस्तूरी स्थित शिव पेट्रोल पंप के पास पहुंचे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना डायल 112 को देकर घायल शिक्षक को अस्पताल पहुंचाया। डाक्टरों ने घायल शिक्षक को मृत घोषित कर इसकी सूचना पुलिस को दी। इस पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शिक्षक के स्वजन को इसकी जानकारी दी। स्वजन की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। इधर पुलिस ने दुर्घटनाकारित ट्रक को कब्जे में लेकर ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है।
सड़क दुर्घटना में घायल युवक की बाइक ले गए चोर
सरकंडा के चिंगराजपारा में सड़क पर बैठे मवेशी को बचाने की कोशिश में बाइक सवार गिरकर घायल हो गया। चोट लगने के कारण बाइक सवार वहीं पर बेहोश हो गया। इधर चोरों ने घायल की बाइक पार कर दी। होश आने पर उन्होंने बाइक की तलाश की। घटना के 20 दिन बाद उन्होंने मामले की शिकायत सरकंडा थाने में की है। इस पर पुलिस जुर्म दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। जूना बिलासपुर कतियापारा के उदई चौक में रहने वाले संदीप सिंह रोजी मजदूरी करते हैं। एक जुलाई की शाम वे अपनी बाइक से मोपका गए थे। वहां से लौटकर अपने घर आ रहे थे। चिंगराजपारा के प्रभात चौक के पास सड़क पर मवेशी बैठे थे।
उन्हें बचाने के चक्कर में बाइक सवार गिरकर घायल हो गया। चोट लगने के कारण वे वहीं पर बेहोश हो गए। थोड़ी देर बाद उन्हें होश आया तो उनकी बाइक गायब थी। उन्होंने आसपास के लोगों से बाइक के संबंध में पूछताछ की। इसके बाद उन्होंने अस्पताल में जाकर उपचार कराया। उपचार के बाद उन्होंने मौके पर पहुंचकर लोगों से अपनी बाइक के संबंध में जानकारी लेकर तलाश शुरू कर दी। बाइक नहीं मिलने पर उन्होंने मंगलवार को सरकंडा थाने में पहुंचकर घटना की शिकायत की है। इस पर पुलिस जुर्म दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।