बिलासपुर के गुमा गांव में 50 फीट गहरे कुएं में गिरी गाय, पुलिसकर्मियों व ग्रामीणों ने सुरक्षित निकाला
पुलिस के डायल 112 में फोन कर ग्रामीणों ने मांगी थी मदद।
By sandeep.yadav
Edited By: sandeep.yadav
Publish Date: Sun, 30 Jan 2022 02:33:00 PM (IST)
Updated Date: Sun, 30 Jan 2022 02:33:45 PM (IST)

बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत गुमा के 50 फीट गहरे कुएं में गाय गिर गई। पुलिस की डायल 112 टीम ने ग्रामीणों की मदद से दो घंटे तक रेस्क्यू आपरेशन चलाया। भारी मशक्कत करने के बाद गाय को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद गांव वालों ने राहत की सांस ली।
शनिवार की शाम चकरभाठा के डायल 112 के वाहन स्टाफ को सूचना मिली कि ग्राम गुमा के वार्ड नंबर 10 में स्थित सार्वजनिक कुएं के अंदर एक गाय अचानक गिर गई है। बाहर निकलने के लिए जोर-जोर से चिल्ला रही है। सूचना मिलते की पुलिस टीम मदद के लिए तत्काल घटना स्थल पहुंची। गांव के कृष्णानंद मरावी और विष्णु ने रस्सी की व्यवस्था की। फिर दोनों रस्सी की मदद से कूएं के अंदर गए। दो घंटे तक भारी मशक्कत करने के बाद रस्सी की मदद से गाय को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता मिली है। इस कार्य में आरक्षक राजेश श्रीवास, चालाक दुर्गेश साहू का सराहनीय योगदान रहा।
गाय को सामान्य चोटें आईं
कुएं के अंदर नमी होने के कारण गिरने के दौरान गाय को सामान्य चोटें आई हैं। कूएं से बाहर निकालने के बाद ग्रामीणों ने उसे पानी पिलाया। कुछ समय आराम करने के बाद गाय वहां से चली गई। हालंकी गाय मालिक के बारे में पता नहीं चला है। इसके बाद पुलिस टीम ने गांव के पशु पालन करने वालों को अपने जानवरों का ध्यान रखने की समझाइश दी है। वही, गांव के सरपंच व वरिष्ठ नागरिकों को कुएं में सुरक्षा व्यवस्था इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। कुएं को ढंकने के लिए कहा गया है।