
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गंगा नगर में एक बहू पर अपनी ही सास को कोल्ड ड्रिंक में कीटनाशक मिलाकर पिलाने का आरोप लगा है। 57 साल की महिला की हालत इतनी बिगड़ गई कि उसे एक हफ्ते तक वेंटिलेटर पर रहना पड़ा। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है।
गंगा नगर में रहने वाली रूखमणी सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 17 जुलाई को वह उपवास पर थी। सुबह करीब 11 बजे वह काम से घर लौटी थी। कुछ देर बाद उसकी बहू कविता ने उसे पीने के लिए कोल्ड ड्रिंक दी। रूखमणी ने कोल्ड ड्रिंक पी ली और उसके बाद चाय भी पी। थोड़ी ही देर में उसे उल्टी और चक्कर आने लगे और वह बेहोश हो गई। घर वालों ने आनन-फानन में उसे मंगला चौक स्थित एक प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया। वहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे सिम्स रेफर कर दिया।
रूखमणी के मुताबिक कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई। सिम्स में उसकी हालत नाजुक बनी रही। डॉक्टरों को उसे वेंटिलेटर पर रखना पड़ा। करीब एक हफ्ते तक वह जिंदगी और मौत के बीच झूलती रही। लंबे इलाज के बाद धीरे-धीरे उसकी हालत में सुधार आया। गंभीर हालत की वजह से वह तुरंत पुलिस को बयान नहीं दे सकी थी। हालत थोड़ी ठीक होने पर 2 अगस्त को पुलिस ने सिम्स में ही उसका बयान दर्ज किया। इसके बाद 3 अक्टूबर को उसने थाने में लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कविता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 118(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता रूखमणी ने शिकायत में कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने बताया कि जब वह अस्पताल में भर्ती थी, उसी दौरान उसकी बहू कविता अस्पताल से चली गई और घर पहुंच गई। आरोप है कि कविता ने अपने मायके वालों को बुलाया और घर में रखे सोने-चांदी के जेवर और करीब 3.50 लाख रुपये कैश लेकर मुंगेली जिले के ग्राम टिंगीपुर चमारी चली गई। रूखमणी ने यह भी कहा कि उसके अस्पताल में रहने के दौरान कविता और उसके मायके वालों ने उसकी तबीयत के बारे में जानने की कोशिश भी नहीं की।
रूखमणी ने पुलिस को इस घटना के पीछे की वजह भी बताई है। उसका कहना है कि उसे अपनी बहू के किसी युवक से प्रेम संबंध होने की जानकारी मिली थी। एक बार उसने कविता को फोन पर उस युवक से बात करते हुए पकड़ भी लिया था। इस बात की जानकारी उसने अपने पति राजकुमार को दी थी। इसके बाद 10 जुलाई को राजकुमार ने कविता का मोबाइल अपने पास रख लिया था। इसी बात को लेकर घर में विवाद शुरू हो गया था। रूखमणी को शक है कि इसी रंजिश के चलते कविता ने उसे कीटनाशक पिलाकर जान से मारने की कोशिश की है।
इस पूरे मामले में पीड़ित पक्ष ने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं। पीड़ित पक्ष का कहना है कि 17 जुलाई को घटना हुई थी, लेकिन महिला की गंभीर हालत के कारण 2 अगस्त को बयान हो पाया और 3 अक्टूबर को लिखित शिकायत के बाद ही केस दर्ज किया गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इतनी गंभीर घटना के बाद भी कार्रवाई में काफी देर हुई और सिर्फ धारा 118(1) के तहत केस दर्ज किया गया है। पीड़ित पक्ष ने इस मामले की निष्पक्ष और गहराई से जांच की मांग को लेकर उच्च अधिकारियों से भी शिकायत करने की बात कही है। फिलहाल सिविल लाइन पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।