
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गंगा नगर में पारिवारिक विवाद के चलते बहू पर सास को कोल्ड ड्रिंक में कीटनाशक मिलाकर पिलाने का आरोप लगा है। तबीयत बिगड़ने पर 57 वर्षीय सास को निजी अस्पताल और फिर सिम्स में भर्ती कराना पड़ा था। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने बहू कविता ठाकुर के खिलाफ धारा 118(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
सिविल लाइन क्षेत्र के गंगा नगर में रहने वाली रूखमणी ठाकुर ने शिकायत में बताया कि घटना 17 जुलाई की सुबह करीब 11 बजे की है। वह उपवास पर थी। काम से घर लौटने के बाद बहू कविता ने उसे पीने के लिए कोल्ड ड्रिंक दिया। इसे पीने और बाद में चाय लेने के कुछ देर बाद उसे उल्टी और चक्कर आने लगे। देखते ही देखते वह बेहोश हो गई।
स्वजन उसे मंगला चौक स्थित निजी अस्पताल ले गए। गंभीर हालत के कारण बाद में सिम्स में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान डाक्टरों ने शरीर में कीटनाशक या विषैले पदार्थ का प्रभाव होने की जानकारी दी। गंभीर हालत के कारण पीड़िता तत्काल पुलिस को बयान नहीं दे सकी। स्वास्थ्य में सुधार के बाद डाक्टरों की अनुमति से दो अगस्त को सिम्स में उसका बयान दर्ज किया गया।
रूखमणी ने बहू पर रंजिश के चलते घटना को अंजाम देने की आशंका जताई है। उसका आरोप है कि बहू के कथित प्रेम संबंध की जानकारी पति को देने के बाद से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसी नाराजगी को घटना की वजह बताया गया है। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसके अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान बहू घर से सोने-चांदी के जेवर और करीब 3.50 लाख रुपये लेकर मायके चली गई।
पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है। शिकायत के साथ सिम्स की डिस्चार्ज टिकट और कीटनाशक संबंधी जांच रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई है। पुलिस ने गुरुवार को आरोपित कविता को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर आरोपित को जेल भेजा गया है।