
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। हिंदी टाइपिंग कौशल परीक्षा समय पर आयोजित नहीं करने की जिम्मेदारी कर्मचारी पर डालकर उसकी वेतनवृद्धि रोकना उचित नहीं है। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने रायपुर कलेक्ट्रेट में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 चुम्पेश्वर साव को वर्ष 2014 से 2023 तक की वेतनवृद्धि का लाभ देने का निर्देश दिया है। जस्टिस बिभु दत्ता गुरु की एकलपीठ ने वेतनवृद्धि की राशि की वसूली के लिए जारी 8 अक्टूबर 2026 के आदेश को निरस्त कर दिया है।
चुम्पेश्वर साव की नियुक्ति वर्ष 2014 में अनुकंपा के आधार पर हुई थी। अनुकंपा नियुक्ति की नीति के तहत उन्हें निर्धारित अवधि में हिंदी टाइपिंग कौशल परीक्षा उत्तीर्ण करना जरूरी था। याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता एसके पांडेय ने कोर्ट को बताया कि विभाग ने लंबे समय तक यह परीक्षा आयोजित ही नहीं की।
वर्ष 2023 में जिला स्तर पर परीक्षा कराने की तैयारी हुई, लेकिन बाद में इसे निरस्त कर लोक शिक्षण संचालनालय के माध्यम से केंद्रीकृत रूप से कराने का निर्णय लिया गया। इसके बाद 22 मार्च 2024 की सूचना के आधार पर 12 और 19 मई 2024 को परीक्षा आयोजित की गई।
याचिकाकर्ता का कहना था कि जब विभाग ने समय पर परीक्षा ही नहीं कराई तो इसके लिए कर्मचारी को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। उसे वर्ष 2014 से वेतनवृद्धि दी जा रही थी, लेकिन बाद में इसे रद्द कर दिया गया और 8 अक्टूबर 2026 को पहले दी गई वेतनवृद्धि को गलत बताते हुए वसूली की कार्रवाई शुरू कर दी गई। राज्य शासन की ओर से दलील दी गई कि अनुकंपा नियुक्ति की नीति में हिंदी टाइपिंग परीक्षा उत्तीर्ण करने की शर्त स्पष्ट है और कर्मचारी को इसका पालन करना होगा।
हाई कोर्ट ने कहा कि नीति में परीक्षा उत्तीर्ण करने की शर्त से इनकार नहीं किया जा सकता, लेकिन जिस अवधि में विभाग ने परीक्षा आयोजित नहीं की, उस दौरान कर्मचारी को वेतनवृद्धि से वंचित करना उचित नहीं है। कर्मचारी ने जानबूझकर परीक्षा देने से परहेज नहीं किया था। इसलिए वर्ष 2014 से 2023 तक की वेतनवृद्धि का लाभ उसे मिलना चाहिए।
कोर्ट ने अधिकारियों को नियुक्ति और परीक्षा उत्तीर्ण करने के वर्ष का परीक्षण कर वेतन का पुनर्निर्धारण करने, बकाया राशि जारी करने और वसूली में काटी गई रकम वापस करने का निर्देश दिया है। पूरी प्रक्रिया आदेश की प्रति मिलने के तीन महीने के भीतर पूरी करनी होगी। हालांकि, आगे की वेतनवृद्धि और नियमितीकरण के लिए कर्मचारी को लागू नीति के अनुसार हिंदी टाइपिंग कौशल परीक्षा उत्तीर्ण करना अनिवार्य होगा।
यह भी पढ़ें- एमपी पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा अटकी, 19 नवंबर की तारीख बीती, 7.51 लाख अभ्यर्थियों को नई डेट का इंतजार