
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। दीपावली का त्योहार मनाने अपने गांव लौट रहे दो सगे भाइयों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। सकरी से गतौरी की ओर जा रहे भाइयों की बाइक को तुर्काडीह में सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में छोटे भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल बड़े भाई ने सिम्स अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पीएम के बाद दाेनों के शव को स्वजन के हवाले कर दिया गया है।
कोनी क्षेत्र के ग्राम गतौरी निवासी रितेश बघेल और उसका छोटा भाई साहिल बघेल रायपुर में काम करते थे। दोनों दीपावली का त्योहार मनाने अपने घर लौट रहे थे। शुक्रवार सात नवंबर को दोनों अपनी बाइक से सकरी होते हुए गांव की ओर जा रहे थे। दोपहर करीब दो बजे वे लोखंडी ओवरब्रिज पार कर नेशनल हाईवे पर ग्राम तुर्काडीह पहुंचे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रेलर के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों भाई सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। रितेश के सिर और पैर में गंभीर चोट आई, जबकि साहिल के सिर में गंभीर चोट लगी। हादसे में साहिल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, रितेश को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी भी मौत हो गई। पीएम के बाद दोनों के शव को स्वजन के हवाले कर दिया गया है।
गांव के प्रधान पाठक ने की पहचान
गतौरी में रहने वाले गज्जू ओगरे रतनपुर क्षेत्र के अंधियारीपारा में प्रधान पाठक हैं। वे अपनी पत्नी रामायण देवी को लेकर पेंड्रीडीह गए थे। शुक्रवार को अपनी रामायण देवी के साथ मोटरसाइकिल से बिलासपुर से गतौरी लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने हादसा होते देखा। उन्होंने मृतकों के स्वजन को सूचना दी और रिश्तेदार प्रेमलाल पाटले के साथ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।