बिलासपुर: फेसबुक पर ऑनलाइन ड्रेस मंगाना डॉक्टर की पत्नी को पड़ा भारी, शातिर ठगों ने उड़ाई बड़ी रकम
बिलासपुर के मसानगंज में डॉक्टर की पत्नी फेसबुक पर ऑनलाइन सिल्क ड्रेस खरीदने के चक्कर में साइबर ठगी का शिकार हो गई।
Publish Date: Fri, 23 Oct 2026 03:50:30 PM (IST)Updated Date: Fri, 23 Oct 2026 03:50:30 PM (IST)
Demo Pic aiHighLights
- बिलासपुर के मसानगंज में डॉक्टर की पत्नी से साइबर ठगी।
- फेसबुक पर सिल्क ड्रेस खरीदने के दौरान हुआ बड़ा फर्जीवाड़ा।
- जीएसटी और कूरियर के नाम पर ठगों ने ठगे 43 हजार।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: फेसबुक पर आनलाइन ड्रेस खरीदना मसानगंज में रहने वाले डाक्टर की पत्नी को भारी पड़ गया। साइबर ठगों ने ड्रेस की कीमत लेने के बाद कूरियर और जीएसटी रिफंड के नाम पर भुगतान कराए। जालसाजों ने महिला से 43 हजार की ठगी कर ली। पीड़ित ने इसकी शिकायत सिविल लाइन थाने में की है।
इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है। सिविल लाइन क्षेत्र के मसानगंज में रहने वाली जागृति मेहता गृहिणी हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि फेसबुक पर सिल्क के कपड़ों का विज्ञापन देखा। कपड़े पसंद आने पर उन्होंने आनलाइन आर्डर किया था।
इसके लिए उन्होंने 15 अक्टूबर को आठ हजार 991 रुपये आनलाइन पेमेंट भी किया। पेमेंट के तीन दिन बाद उनके मोबाइल पर अनजान नंबर से काल आया। फोन करने वाले ने उन्हें कूरियर कंपनी का कर्मचारी बताया। उसने कपड़े डिलीवरी करने से पहले जीएसटी रिवर्टल के नाम पर चार हजार 960 रुपये मांगे।
महिला कुछ समझ नहीं पाईं, उन्होंने रुपये जमा करा दिए। इसके बाद उसने लेट फीस और अन्य बहाने बनाकर भुगतान कराया। हर बार राशि वापस मिलने का भरोसा दिलाया। बार-बार बहानों से रुपये मांगने पर उन्हें ठगी का एहसास हुआ। तब उन्होंने अपने पति को डा अशोक मेहता को इसकी जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने घटना की शिकायत सिविल लाइन थाने में की है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने ठगी का मामला दर्ज कर लिया है।