राधाकिशन शर्मा. बिलासपुर। Encouraging Private Forest: केंद्रीय वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री अश्विनी चौबे का कहना है कि पर्यावरण को संरक्षित रखने और वन भूमि का विस्तार करने के लिए केंद्र सरकार ने निजी जंगल विस्तारीकरण योजना को बढ़ावा देने का निर्णय लिया है। देशव्यापी अभियान के तहत लोगों को उनकी निजी जमीन पर जंगल विस्तार के लिए प्रेरित किया जाएगा। लोगों को प्रोत्साहत करने के लिए केंद्र सरकार ने अधिनियम में संशोधन करने का निर्णय लिया है। इससे कटाई में आने वाली दिक्कतों को दूर किया जाएगा।
केंद्रीय राज्यमंत्री चौबे छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय प्रवास पर बिलासपुर पहुंचे थे। शनिवार को नईदुनिया से चर्चा में उन्होंने कहा कि प्रकृति के साथ संतुलन बनाने के लिए वन विभाग ने अपने जंगलों को संरक्षित और संवर्धित करने के साथ ही निजी जंगल विस्तारीकरण की योजना बनाई है। वर्तमान में निजी जंगल से पेड़ व लकड़ी काटने अनुमति नहीं है। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बेहतर काम करने और वनों का क्षेत्रफल बढ़ाने के लिहाज से एक्ट में संशोधन किया जाएगा।
प्रविधान बनाया जाएगा कि निजी जंगल लगाने वालों को जरूरत पड़ने पर प्रजातिवार लकड़ी काटने की अनुमति दी जाएगी। जंगल विकास के पहले तहसीलदार के कार्यालय में पंजीयन कराना होगा। जंगल विकसित होने के बाद लकड़ी काटने के लिए पहले पंजीयन की पावती डीएफओ कार्यालय में दिखानी होगी। इस आधार पर काटने और परिवहन की अनुमति मिल जाएगी। आगामी संसद सत्र में इस संबंध में बिल लाने की बात भी उन्होंने कही।
छत्तीसगढ़ की वन संपदा को संरक्षित करने की जरूरत
केंद्रीय वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री चौबे ने कहा कि छत्तीसगढ़ के निवासी खुशकिस्मत हैं कि यहां अधिकांश इलाका हरे भरे पेड़ों से आच्छादित है। वनों के अलावा वन संपदा को सुरक्षित और संरक्षित करने की जरूरत है। इसके लिए केंद्र सरकार वन अधिनियम और वनों की सुरक्षा पर फोकस कर रही है।
मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे राहुल
लखीमपुर खीरी घटना को लेकर कांग्रेस के स्र्ख पर केंद्र्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कांग्रेसी सियासी रोटी सेंकने में लगे हुए हैं। कांग्रेस नेताओं के मंसूबे कभी पूरे नहीं होने वाले हैं। राहुल गांधी समेत कांग्रेस के नेता मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे हैं। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की चाल सफल होने वाला नहीं है। मामले की दंडाधिकारी जांच चल रही है। राज्य सरकार पूरी तरह गंभीर है। दोषियों को हर हाल में सजा मिलेगी। इसके लिए राज्य सरकार पूरी तरह कटिबद्ध है।