
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। खपरगंज क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल करने पहुंचे विद्युत विभाग के कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार, झूमाझपटी और शासकीय काम में बाधा डालने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने एक नामजद समेत अन्य लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गोल बाजार जोन में पदस्थ कनिष्ठ यंत्री देव सिंह कंवर ने शिकायत दर्ज कराई है कि 28 मई की शाम तेलीपारा फीडर में ब्रेकडाउन होने से तेलीपारा और खपरगंज क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी।
जांच के दौरान खपरगंज कबाड़ी गली जाने वाली 11 केवी एबी केबल जला हुआ मिला। इसके बाद क्षतिग्रस्त हिस्से को काटकर अन्य क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई, जबकि खपरगंज क्षेत्र में सुधार कार्य जारी रहा। रात करीब 11 बजे स्काई लिफ्ट उपलब्ध होने के बाद क्षतिग्रस्त लाइन को सुधारने का प्रयास किया गया। 29 मई की रात लगभग 12.30 बजे लाइन चार्ज करने की कोशिश की गई, लेकिन केबल का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। इसके चलते तीन वितरण ट्रांसफार्मर बंद रहे।
इंजीनियर और उनके साथ आए कर्मचारियों ने क्षेत्र के लोगों को जानकारी दी कि केबल का क्षतिग्रस्त हिस्सा तत्काल नहीं सुधारा जा सकता और सुबह मरम्मत कर बिजली चालू की जाएगी। इसी दौरान शाहनवाज मकवाना ने तत्काल बिजली चालू करने का दबाव बनाया और टीम को वहां से जाने नहीं देने की बात कही। इसी बीच लोगों की भीड़ एकत्र हो गई और विद्युत विभाग की टीम को घेर लिया गया। एक व्यक्ति ने स्काई लिफ्ट चालक के साथ हाथापाई की तथा वाहन की चाबी छीनने का प्रयास किया।
वहीं कुछ लोगों ने कनिष्ठ यंत्री को जबरन पकड़कर कबाड़ी गली की ओर ले गए, उनके साथ बदसलूकी की, कपड़े पकड़कर झूमाझपटी की और बाल खींचे। अंधेरे में ले जाकर मारपीट का प्रयास करने का भी आरोप लगाया गया है। घटना के समय विभागीय कर्मचारी और ठेका कर्मी भी मौजूद थे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर शाहनवाज मकवाना एवं अन्य लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 126(2), 221, 351(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।