
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। सुशासन तिहार में मिली शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आबकारी अमले ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। गुरुवार को सीपत क्षेत्र के ग्राम मटियारी में आबकारी विभाग की टीम ने दबिश देकर बड़ी मात्रा में महुआ शराब जब्त की। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपितों के कब्जे से 57 लीटर महुआ शराब बरामद की गई।
सहायक आयुक्त आबकारी नवनीत कुमार तिवारी ने बताया कि सुशासन तिहार के दौरान मटियारी में अवैध शराब की शिकायत मिली थी। इस पर आबकारी अधिकारियों की टीम ने गांव में दबिश देकर आरोपित रूकमणी पति उज्जैन सिंह के कब्जे से 20 लीटर, श्यामता बाई पति बीरबल के रिहायशी मकान से 15 लीटर और शैलबाई पति सुरेंद्र के कब्जे से 22 लीटर महुआ शराब जब्त की। तीनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क), 34(2) और 59(क) के तहत गैर जमानतीय प्रकरण दर्ज कर उन्हें जेल भेजा गया।
इसी कार्रवाई के दौरान निर्मला बाई पति रामनाथ और पूनम मालिया पति सन्नू मालिया के घर से भी महुआ शराब बरामद की गई। दोनों के खिलाफ धारा 34(1)(क) के तहत मामला दर्ज किया गया। टीम ने ग्राम मटियारी के शासकीय तालाब के पास लावारिस हालत में छिपाकर रखी गई 180 लीटर महुआ शराब और 1530 किलोग्राम महुआ लहान भी जब्त किया। वहीं, एक टीम ने सकरी क्षेत्र के ग्राम अमेरी में कार्रवाई करते हुए सूरज बघेल पिता धनऊ राम के कब्जे से 9.36 लीटर देशी-विदेशी शराब जब्त की। आरोपित को जेल दाखिल किया गया है।
लगातार जारी है अवैध शराब के खिलाफ अभियान
अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और भंडारण के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इससे पहले कोटा वृत्त प्रभारी ने ग्राम लालपुर निवासी ओमप्रकाश टंडन से 14.5 लीटर महुआ शराब जब्त कर गैर जमानतीय प्रकरण दर्ज किया था। वहीं मस्तूरी क्षेत्र में ग्राम भिलाई निवासी मनोज धनवार से 9.5 लीटर महुआ शराब बरामद कर आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई थी।
इसके अलावा बिल्हा वृत्त प्रभारी ने ग्राम सैदा में रहने वाले रवि वर्मा और ग्राम डड़हा निवासी बलराम ठाकुर को अवैध शराब रखने के मामले में न्यायालय से रिमांड लेकर जेल भेजा था। विभाग का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए आगे भी लगातार गश्त और कार्रवाई जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में दो 7 वर्षीय बच्चियों से दुष्कर्म, पुलिस पर लीपापोती का आरोप, SI लाइन अटैच
टीम में ये रहे शामिल
अवैध शराब के खिलाफ की गई कार्रवाई कलेक्टर के निर्देश पर सहायक आयुक्त आबकारी नवनीत कुमार तिवारी के मार्गदर्शन में की गई। अभियान में वृत्त प्रभारी तेलेस्फोर एक्का, धर्मेंद्र शुक्ला, भूपेंद्र जामड़े, ऐश्वर्या मिंज, वेद प्रकाश नेताम और छबि लाल पटेल सहित आबकारी विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की भूमिका रही। आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब निर्माण और बिक्री करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार प्रकरण दर्ज किए जा रहे हैं। विभाग ने आम लोगों से भी अवैध शराब से जुड़ी जानकारी देने की अपील की है, ताकि ऐसे कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।