
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। राजस्व पटवारी संघ जिला बिलासपुर ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर अपनी विभिन्न लंबित मांगों और समस्याओं के त्वरित निराकरण का आग्रह किया है। संघ ने मंगला स्थित पटवारी संघ भवन के विस्तार हेतु 0.040 हेक्टेयर भूमि आवंटन की मांग की है। इसके साथ ही समयमान वेतनमान, गिरदावरी संशोधन विकल्प पूर्णतः खोलने और आपराधिक मामलों में नजरी नक्शा बनाने से मुक्ति का मुद्दा उठाया है।
राजस्व पटवारी संघ जिला बिलासपुर के जिलाध्यक्ष विजय भारत साहू के नेतृत्व में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। संघ ने अवगत कराया कि वर्तमान में मंगला स्थित अमन बिहार में संघ का कार्यालय संचालित है, जहां भवन छोटा होने के कारण बैठकों और गतिविधियों के संचालन में दिक्कत आ रही है। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू द्वारा भवन विस्तार हेतु आर्थिक सहायता का प्रस्ताव है, परंतु संघ के नाम स्वामित्वाधीन भूमि न होने से समस्या आ रही है। अतः खसरा नंबर 179/2 में से 0.040 हेक्टेयर भूमि आवंटित करने का निवेदन किया गया।
इसके अलावा संघ ने जाति, आय व निवास प्रमाण पत्र हेतु ऑनलाइन नामांतरण की तर्ज पर डिजिटल पटवारी प्रतिवेदन की सुविधा पटवारियों की आईडी में देने की मांग की, ताकि छात्रों को चक्कर न काटना पड़े। साथ ही आपराधिक प्रकरणों में पटवारियों से नजरी नक्शा बनवाने की प्रक्रिया बंद करने का आग्रह किया गया है।
यह भी पढ़ें- बाल संप्रेक्षण गृह में हत्या: मुआवजा और संविदा नौकरी पर स्वजन ने धरना किया समाप्त
समयमान वेतनमान और गोपनीय चरित्रावली का मुद्दा
पटवारी संघ ने विगत 5 वर्षों की गोपनीय चरित्रावली की छायाप्रति उपलब्ध कराने तथा पटवारियों के लंबित समयमान वेतनमान व स्थायीकरण प्रकरणों के शीघ्र निराकरण की मांग की है। संघ का कहना है कि समय पर गोपनीय प्रतिवेदन और सर्विस-बुक का संधारण न होने से पटवारी अपने वैधानिक अधिकारों से वंचित हो रहे हैं।
गिरदावरी विकल्प और डिजिटल क्रॉप सर्वे पर आपत्ति
संघ ने भुइयां पोर्टल में गिरदावरी संशोधन का विकल्प पूर्णतः खोलने की मांग की है, ताकि किसानों को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके। इसके अतिरिक्त डिजिटल क्रॉप सर्वे के अपुआल कार्य को पटवारियों से हटाकर कृषि एवं सांख्यिकी विभाग को सौंपने का आग्रह किया गया है, जिससे पटवारियों पर अतिरिक्त कार्यभार कम हो सके।
वर्जन...
लंबे समय से मांगों पर कार्रवाई न होने से पटवारियों में असंतोष है। हमने कलेक्टर महोदय से प्रशासनिक उदासीनता दूर कर समयमान वेतनमान स्वीकृत करने और मंगला में भवन विस्तार हेतु भूमि आवंटन की प्रक्रिया जल्द पूरी करने का निवेदन किया है।
विजय भारत साहू, जिलाध्यक्ष राजस्व पटवारी संघ बिलासपुर