
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। राजकिशोर नगर में देर रात तेज आवाज में नगाड़ा बजाने और पटाखे फोड़ने से मना करने पर महासमुंद में पदस्थ कुटुंब न्यायालय के न्यायाधीश प्रफुल्ल कुमार सोनवानी और उनके परिजनों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। सरकंडा पुलिस के अनुसार, जन्मदिन मना रहे अभय बरुआ और उसके साथियों ने न्यायाधीश, उनकी पत्नी और साले को घेरकर गाली-गलौज की और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। घटना में पत्नी और साले को चोटें आई हैं।
प्रफुल्ल सोनवानी ने पुलिस को बताया कि 31 अक्टूबर को वह परिवार के साथ राजकिशोर नगर स्थित अपने ससुराल आए थे। रात करीब 11 बजे घर में सो रहे थे, तभी तेज नगाड़े और पटाखों की आवाज से परिवार के लोग जाग गए। करीब 45 मिनट तक शोर जारी रहने पर वह नीचे पहुंचे।
वहां 100 से 200 लोगों की भीड़ जन्मदिन मना रही थी। उन्होंने पटाखे फोड़ने और नगाड़ा बजाना बंद करने को कहा तो आरोप है कि अभय बरुआ और उसके साथियों ने उन्हें घेर लिया। गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और धक्का-मुक्की करने लगे।
पत्नी आकांक्षा, साले अभिषेक भारद्वाज, सास नीरा भारद्वाज और साले की पत्नी गुरप्रीत कौर भी वहां पहुंचीं। आरोप है कि उनके साथ भी मारपीट की गई। पत्नी के दाहिने हाथ के पास और साले के सिर, सीने व गले में चोट आई। मारपीट में न्यायाधीश की शर्ट के बटन टूट गए और पत्नी व साले का चश्मा भी छीन लिया गया।
यह भी पढ़ें- वकालत छोड़ी, अंग्रेजों की लाठियां खाईं... फिर ऐसे बनें पं. रविशंकर शुक्ल एमपी के पहले मुख्यमंत्री