यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 21, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
परिजनों ने छोड़ा शव, अंतिम संस्कार करने सामने आई सहेली
बिलासपुर के ग्राम गतौरी में मृत प्रेमिका की लाश को सामाजिक बहिष्कार के डर से परिजनों ने लेने से इनकार कर दिया।
By Edited By:
Publish Date: Sun, 21 Jun 2015 10:13:17 PM (IST)Updated Date: Mon, 22 Jun 2015 07:44:41 AM (IST)

बिलासपुर (निप्र)। कोनी थाना क्षेत्र के ग्राम गतौरी में मृत प्रेमिका की लाश को सामाजिक बहिष्कार के डर से परिजनों ने लेने से इनकार कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार करने के लिए मृतका की सहेली सामने आई है। वहीं आईटीआई के शिक्षकों व विद्यार्थी भी मदद करने के लिए तैयार हैं। पुलिस ने शव को उसकी सहेली के सुपुर्द कर दिया है।
कोनी थाना क्षेत्र के ग्राम गतौरी निवासी जितेंद्र सोनवानी पिता फागूराम सतनामी बेलगहना क्षेत्र में फारेस्ट गार्ड है। उसने सेंवार निवासी अपनी प्रेमिका चांदनी कश्यप को धोखे में रखकर गुपचुप तरीके से तीन दिन पहले दूसरी युवती से शादी रचा ली। इसकी जानकारी होते ही बीते शुक्रवार शाम चांदनी उसके घर पहुंच गई। इस दौरान उसके व जितेंद्र से वाद-विवाद हुआ।
मामला बिगड़ते देख जितेंद्र के परिजन चांदनी को अपने साथ रखने के लिए तैयार हो गए। रात में वह जितेंद्र के घर में सो रही थी। रविवार सुबह उसकी लाश घर के सामने पेड़ पर लटकी मिली है। युवती की लाश देकर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। खबर मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतका के परिजनों को बुलाया।
पुलिस के बुलावे पर परिजन वहां पहुंच गए। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सिम्स भेज दिया। रविवार सुबह शव के पोस्टमार्टम के दौरान पुलिस ने मृतका के परिजनों को फिर बुलाया। परिजन सिम्स पहुंचे, लेकिन उन्होंने अपनी बेटी के दूसरी जाति के युवक से संबंध रखने के कारण उससे संबंध तोड़ने की बात कहने लगे।
उनका कहना था कि सामाजिक बहिष्कार के डर से उन्होंने युवती को छोड़ दिया था और दो माह से उनका संबंध भी टूट गया था। इस स्थिति में हम उसकी लाश को ले जाकर क्रियाकर्म नहीं कर सकते। पुलिस की समझाइश के बाद भी परिजन शव ले जाने के लिए तैयार नहीं हुए। इस दौरान चांदनी की सहेली प्रभा पोर्ते लाश लेने के लिए सामने आई। वह उसके साथ पढ़ी-लिखी है और दोनों अच्छी सहेली थी।
प्रभा आईटीआई करने के बाद सिम्स में वार्ड आया के रूप में काम करती है। उसके साथ ही आईटीआई के शिक्षक व विद्यार्थियों ने भी अंतिम संस्कार के लिए मदद करने की बात कही है। पुलिस ने शव को उसकी सहेली प्रभा को सौंप दिया है। हालांकि शव अभी सिम्स में मरच्युरी में है। सोमवार को उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
प्रेमी के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी में है पुलिस
मृतका चांदनी के प्रेमी व उसके धोखा देकर शादी रचाने वाले फारेस्ट गार्ड जितेंद्र सोनवानी के खिलाफ पुलिस अपराध दर्ज करने की तैयारी कर रही है। रविवार को पुलिस ने मृतका अशोकनगर के जिस मकान में किराए पर रहती थी, उसके मकान मालिक का बयान दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही पुलिस उसके खिलाफ सबूत जुटाकर अपराध दर्ज करने की तैयारी कर रही है।