
बिलासपुर (निप्र)। शहर से लगे ग्राम देवरीखुर्द के वार्ड क्रमांक एक पुराना पावर हाउस का मोहल्ला उपेक्षा का शिकार है। यहां दो-तीन साल में एक बारि नाली की सफाई होती है। नाली जाम होने के कारण नाली का गंदा पानी गली में बहता है। बरसात में मोहल्लेवासी कीचड़ में बर्तन रखकर पानी भरते हैं।
गर्मी में यहां बरसात जैसी स्थिति रहती है। गंदगी और नाली जाम की समस्या यहां बरसों से चली आ रही है। इसका सबसे ब़ड़ा कारण नाली का टूटा-फूटा और सफाई नहीं होना है।
घरों में घुस गया था पानी
गुरुवार को हुई बारिश से यहां के कई घरों में पानी घुस गया था। यहां पानी निकासी की सुविधा नहीं होने के कारण हल्की बारिश में भी लोगों को समस्याओं से जुझना पड़ता है। हालांकि यहां के रहवासी अपने-अपने घरों के बाहर वैकल्पिक व्यवस्था करते हैं। इसके बाद भी पानी घरों में घुसता है। इस कारण यहां अधिकांश घरों में सीपेज की समस्या रहती है।
क्या कहते हैं मोहल्लेवासी
- मोहल्ले में रहने वाले कमल वाघमारे ने बताया कि पंचायत की ओर से तीन से चार साल मे नाली की सफाई कराई जाती है। जब चुनाव होता है, तो यहां सफाई अभियान तेज होता है। बरसात में तो गली में इतनी कीचड़ होती है कि कीचड़ में बर्तन रखकर पानी भरना पड़ता है। उन्होंने कहा कि आज से तीन चसाल बाद दो तीन लोग सफाई करने आए थे। कुछ दूरी तक सफाई करने के बाद वे अधूरा छोड़कर चले गए।
- अरुण ग्रायकर ने बताया कि कभी कभी परेशानी अधिक होने पर खुद ही नाली की सफाई करना पड़ता है, लेकिन हमेशा यह संभव नहीं है। नाली में बहुत अधिक कीचड़ जम गया है।
' अभी-अभी ही वहां नाली की सफाई कराई गई है। रोज-रोज तो वहां सफाई नहीं करवा सकते। मुझे पूरे गांव की समस्या को देखना है , थोड़ी बहुत परेशानी तो रहती ही है।'
मनिहार निषाद, सरपंच देवरीखुर्द