बिलासपुर। Gaurela-Pendra-Marwahi News: मरवाही विधानसभा क्षेत्र के विधायक डा.केके ध्रुव ने जनसंपर्क निधि के वितरण में जमकर बंदरबाट की है। ग्राम पंचायतों के बहाने अपनों को रेवड़ी की तरह राशि बांट दी है। नियमों को दरकिनार करते हुए छह व्यक्तियों के नाम आठ लाख 70 हजार स्र्पये जारी की गई है। अचरज की बात यह है कि राजस्व मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने भी अपनी स्वीकृति की मुहर लगा दी है।
विधायक डा.ध्रुव ने सात मार्च 2021 को विधायक जनसंपर्क निधि के जरिए आठ लाख 75 हजार स्र्पये आवंटन का पत्र कलेक्टर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के नाम जारी किया था। इसी बीच जिले के प्रभारी मंत्री व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल का पत्र कलेक्टोरेट पहुंचा। इसमें विधायक द्वारा जारी की गई जनसंपर्क निधि की राशि का आवंटन के संबंध में स्वीकृति दी गई है।
मंत्री की सहमति और निर्देश के बाद जिला प्रशासन ने विधायक द्वारा अनुशंसित व्यक्तियों के नाम आठ लाख 75 हजार स्र्पये का चेक जारी कर दिया। अतिरिक्त कलेक्टर व प्रभारी जनसंपर्क निधि के कार्यालय से जनसंपर्क निधि के तहत अशोक सोनी के नाम पर एक लाख 70 हजार, अरविंद जायसवाल मेडुका एक लाख 70 हजार, अमित राय एक लाख 50 हजार, पुष्कर सिंह सेंगर एक लाख 10 हजार, रामेश्वर शुक्ला लोहारी एक लाख 50 हजार व गौरेला जनपद पंचायत अध्यक्ष ममता पैकरा के नाम एक लाख 20 हजार स्र्पये का चेक जारी किया गया है।
विधायक डा.ध्रुव ने तीन मई को जारी अपने अनुशंसा पत्र में जिले की 86 ग्राम पंचायतों में 10-10 हजार स्र्पये की राशि वितरण करने की बात कही है। यह राशि महिलाओं को तिज मिलन समारोह के लिए जारी किया गया है। अचरज की बात ये कि ग्राम पंचायतों के नाम जारी की गई राशि को जिला प्रशासन ने छह प्रमुख लोगों के नाम चेक जारी कर दिया है। विधायक द्वारा स्वीकृत राशि चार महीने बाद भी ग्राम पंचायतों को नहीं मिली है।
क्या है नियम
0 जनसंपर्क निधि खर्च करने में विधायक डा.ध्रुव ने राज्य शासन द्वारा जारी नियमों को दरकिनार कर दिया है। ग्राम पंचायतों के नाम से निधि जारी करने का प्रविधान नहीं है। बगैर प्रविधान विधायक ने 86 ग्राम पंचायतों के लिए राशि स्वीकृत कर दी है। ये अलग बात है कि पंचायतों तक राशि आजतक नहीं पहुंच पाई है।
0 किसी व्यक्ति को न्यूनतम एक हजार व अधिकतम 25 हजार स्र्पये देने का प्रविधान है।
0 किसी व्यक्ति को इलाज कराने या फिर दवा खरीदने के लिए राशि का आवंटन किया जाता है।
0 स्व सहायता समूह को राशि आवंटन का अधिकार है।
0 संबंधित हितग्राही के नाम से ही चेक जारी किया जाता है।
0 विधायकों को एक वर्ष में जनसंपर्क निधि के तहत तीन लाख 50 हजार स्र्पये जारी करने का अधिकार है।
विधायक द्वारा अनुशंसा के बाद मार्च में ही हमने राशि व हितग्राहियों के नाम संबंधित तहसीलदार को जारी कर दिया था। राशि संबंधितों तक पहुंची या नहीं है, फिलहाल इसकी जानकारी नहीं है। जिनके नाम से विधायक ने राशि स्वीकृत की है और उन तक नहीं पहुंची है तो यह गंभीर बात है। जांच कराई जाएगी। गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अपूर्व टोप्पो
अतिरिक्त कलेक्टर व प्रभारी जनसपंर्क निधि
जनसंपर्क की राशि की अनुशंसा जिले के प्रभारी मंत्री से कराई थी। उनकी स्वीकृति भी मिल गई है। राशि हितग्राहियों को अब तक क्यों नहीं मिली। दूसरे के नाम से चेक कैसे जारी हुआ इस संबंध में हमें कुछ जानकारी नहीं है।
डा.केके ध्रुव
विधायक,मरवाही विधानसभा क्षेत्र
क्या कहते हैं सरपंच
विधायक द्वारा राशि स्वीकृत करने की जानकारी मिली है। अब तक पंचायत के खाते में राशि जमा नहीं की गई है। राशि कहां अटक गई है। इसकी जानकारी हमें नहीं है।
सावित्री परदेशी-सरपंच ग्राम पंचायत अमरपुर
तिज मिलन समारोह के नाम से प्रति ग्राम पंचायत 10 हजार स्र्पये विधायक द्वारा स्वीकृत करने की जानकारी मिली है। हमारी पंचायत के अलावा आसपास की पंचायतों के खाते में तीन महीने बाद भी राशि जमा नहीं कराई गई है।
वीरेंद्र सिंह
सरपंच ग्राम पंचायत बगरा व अध्यक्ष सरपंच संघ जनपद पंचायत गौरेला