बिना इंटरनेट और मोबाइल के 'अपडेट' हो रहा जनरल नॉलेज; स्कूल के रास्ते पर खुली अनोखी सेलर में पाठशाला
बिलासपुर के ग्राम पंचायत सेलर में सरपंच धनंजय सिंह के नेतृत्व में ग्रामीण बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने हेतु दीवारों पर सामान्य ज्ञान के प्रश्न लिखने की अनूठी जनसहयोग पहल शुरू की गई है।
Publish Date: Sun, 28 Jun 2026 10:40:32 AM (IST)Updated Date: Sun, 28 Jun 2026 10:40:31 AM (IST)
पाठशाला की दीवार पर लिखे प्रश्नों के बारे में छात्रों को दी गई जानकारी।HighLights
- चलते-फिरते रट जाएगा इतिहास और भूगोल
- सेलर गांव की दीवारों ने संभाल ली है बच्चों की क्लास
- बिलासपुर के इस गांव में दीवारें खुद ज्ञान बांट रही हैं
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुरः ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर ढंग से तैयार करने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत सेलर में एक अभिनव पहल शुरू की गई है। सरपंच धनंजय सिंह के नेतृत्व में गांव के स्कूल से मुख्य गुड्डी तक दीवारों पर जनरल नालेज के महत्वपूर्ण प्रश्न लिखे गए हैं। इन प्रश्नों को विद्यार्थी प्रतिदिन स्कूल आते-जाते पढ़ सकेंगे और बिना अतिरिक्त समय निकाले सामान्य ज्ञान का लगातार अभ्यास कर सकेंगे।
इस पहल का उद्देश्य बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रारंभिक तैयारी को मजबूत करना है। गांव के विद्यार्थियों को सामान्य ज्ञान के विभिन्न विषयों से परिचित कराने के लिए हर 60 दिन बाद पुराने प्रश्न हटाकर नए प्रश्न लिखे जाएंगे। इससे विद्यार्थियों को इतिहास, भूगोल, विज्ञान, भारतीय संविधान, खेल, संस्कृति, समसामयिक घटनाओं सहित अनेक विषयों की नई-नई जानकारी लगातार मिलती रहेगी।
पंचायत ने यह भी तय किया है कि प्रत्येक दो माह बाद कक्षा 6वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों की जनरल नॉलेज परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा। इससे बच्चों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होगी और वे नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित होंगे। इस कार्य में स्कूल विकास समिति के अध्यक्ष, सभी सदस्यों, शिक्षकों एवं गांव के गणमान्य नागरिकों का विशेष सहयोग मिल रहा है। ग्रामीणों का मानना है कि यह पहल आने वाले वर्षों में गांव के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव साबित होगी।
क्यों जरूरी है जनरल नालेज : आज लगभग सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में सामान्य ज्ञान महत्वपूर्ण विषय है। इतिहास, भूगोल, विज्ञान, संविधान, खेल और समसामयिक घटनाओं की जानकारी सफलता की कुंजी मानी जाती है। मजबूत जनरल नॉलेज न केवल परीक्षा, बल्कि व्यक्तित्व विकास और जागरूक नागरिक बनने में भी मदद करती है।
हर दो माह बदलेंगे सवाल हर 60 दिन बाद नए प्रश्न लिखे जाने से विद्यार्थियों को अलग-अलग विषयों की ताजा और विविध जानकारी मिलेगी। इससे एक ही विषय तक सीमित रहने के बजाय उनका ज्ञान लगातार विस्तृत होगा और लंबे समय तक पढ़ी गई बातें भी स्मरण बनी रहेंगी।
सामान्य ज्ञान की जानकारी से मिलेगी पढ़ने नई ललक
सरपंच धनंजय सिंह का कहना है कि यदि विद्यार्थी स्कूली शिक्षा के साथ प्रतिदिन थोड़ी-थोड़ी सामान्य ज्ञान की जानकारी भी प्राप्त करते रहें, तो 12वीं तक पहुंचते-पहुंचते उनके पास हजारों महत्वपूर्ण प्रश्नों का ज्ञान होगा। इससे भविष्य में वे विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में अधिक आत्मविश्वास के साथ भाग ले सकेंगे और सफलता की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। इस अभियान की सबसे विशेष बात यह है कि दीवार लेखन पूरी तरह जनसहयोग से कराया जा रहा है। गांव के सक्षम नागरिकों की सहभागिता से भविष्य में और अधिक स्थानों पर भी प्रश्न लिखे जाएंगे किसी प्रकार की शासकीय राशि का उपयोग नहीं हागी।
विद्यार्थियों को मिलेगा बड़ा लाभ
रोजाना स्कूल आते-जाते दीवारों पर लिखे प्रश्न पढ़ने से बच्चों की याददाश्त मजबूत होगी। नियमित अभ्यास के कारण सामान्य ज्ञान में निरंतर वृद्धि होगी। प्रतियोगी परीक्षाओं में पूछे जाने वाले विषयों से शुरुआती स्तर पर ही परिचय मिलने से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा।