
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। ग्राम पंचायत घुटकू के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में रेलवे स्लीपरों का नुकीला मलबा बिछाकर बच्चों के खेल का गला घोंट दिया गया है।
मैदान में कभी स्कूल के बच्चे मध्यांतर के आधे घंटे में खेलते थे और सुबह-शाम गांव के बच्चे क्रिकेट खेलकर समय बिताते थे, वहां अब दूर-दूर तक पत्थरों और स्लीपरों के नुकीले टुकड़ों का ढेर पसरा है। छह महीने से मैदान इसी हालत में पड़ा है, लेकिन इसे खेलने योग्य बनाने के लिए अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई।
गर्मी की छुट्टियों के दौरान सरपंच तिलक वर्मा ने रेलवे के पुराने स्लीपर तुड़वाकर उनका मलबा मैदान में बिछवा दिया था। बताया गया कि मैदान के गड्ढे को पाटने के लिए रेलवे ठेकेदार को इसकी अनुमति दी गई थी। दूर तक बिखरा मलबा और उबड़-खाबड़ सतह बच्चों के लिए चोट का खतरा भी पैदा कर रही है। स्कूल के प्राचार्य मनोज देवांगन ने कई बार सरपंच से मलबा हटवाने और मैदान को दुरुस्त कराने की मांग की। सरपंच ने मिट्टी डालकर मैदान को समतल करने का भरोसा दिया, लेकिन छह महीने गुजरने के बाद भी यह भरोसा पूरा नहीं हुआ।
पहले स्कूल के मध्यांतर में बच्चे इसी मैदान में दौड़ते, खेलते और अपनी ऊर्जा का इस्तेमाल करते थे। स्कूल की छुट्टी के बाद और सुबह गांव के बच्चे क्रिकेट खेलने पहुंचते थे। अब न स्कूल के बच्चे वहां खेल पा रहे हैं और न गांव के बच्चे। स्लीपरों के नुकीले मलबे ने मैदान को खेल की जगह खतरे वाले परिसर में बदल दिया है।
सरपंच तिलक वर्मा का कहना है कि मैदान में गड्ढा पाटने के लिए रेलवे ठेकेदार को स्लीपर तोड़कर मलबा बिछाने की अनुमति दी गई थी। बरसात का मौसम होने के कारण मिट्टी नहीं डाली जा सकी। गांव के तालाब की खोदाई से निकलने वाली मिट्टी से मैदान को पाटकर समतल कराया जाएगा।
जिला शिक्षा अधिकारी संदीप पांडेय ने कहा कि खेल मैदान में मलबा डालना गलत है। इसे हटवाने के लिए जनपद पंचायत के अधिकारियों को कहा जाएगा। मैदान को खेल योग्य बनाने के लिए संज्ञान लेकर प्राथमिकता से काम पूरा कराया जाएगा।
गर्मी की छुट्टी के दौरान स्कूल के मैदान में मलबा डाला गया था। बताया गया कि स्कूल की बाउंड्रीवाल टूटी हुई है। इसी का फायदा उठाकर यहां ट्रैक्टर से मलबा डाला गया है।
रेलवे ट्रैक के नीचे आड़े बिछे लकड़ी या सीमेंट के मोटे टुकड़ों को स्लीपर कहते हैं। ये दोनों पटरियों के बीच की दूरी बराबर रखते हैं और ट्रेन का वजन जमीन पर बांटते हैं। पुराने होने पर इन्हें बदल दिया जाता है।