जयरामनगर खैरा में भूजल संकट, 15 किसानों के लाभ के लिए पूरा गांव प्यासा, बुआई पर रोक की मांग
बिलासपुर के जयरामनगर खैरा में भूजल दोहन से जलसंकट गहराया, ग्रामीणों ने रबी में गेहूं की बुआई पर रोक और ट्यूबवेल कनेक्शन काटने की मांग की।
Publish Date: Mon, 23 Nov 2026 09:49:15 PM (IST)Updated Date: Mon, 23 Nov 2026 09:49:15 PM (IST)
ग्राम खैरा के ग्रामीण ट्यूबवेल से जल दोहन होने से पानी की समस्या विकराल होने की जानकारी लेकर पहुंचे कलेक्टर से गुहार लगानेHighLights
- भूजल दोहन से जलसंकट।
- गेहूं की बुआई पर रोक की मांग।
- ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुरः ग्राम पंचायत जयरामनगर खैरा में भूजल के अत्यधिक दोहन से उत्पन्न होने वाले पेयजल और निस्तारी संकट को देखते हुए ग्रामीणों ने रबी सीजन में गेहूं की बुआई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। मांग को लेकर बड़ी संख्या में महिला और पुरुष ग्रामीणों के हस्ताक्षर व अंगूठे के निशान युक्त ज्ञापन कलेक्टर को सौंपा गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में करीब एक हजार एकड़ रकबे में गेहूं की फसल ली जाती है, जिसकी सिंचाई पूरी तरह ट्यूबवेल के माध्यम से की जाती है। भारी मात्रा में भूजल निकाले जाने के कारण जनवरी माह से ही गांव के घरों में लगे हैंडपंप और बोर सूखने लगते हैं। इससे मानसून आने तक पूरे गांव को गंभीर पेयजल और निस्तारी संकट से जूझना पड़ता है और ग्रामीणों को दूर-दराज से पीने का पानी लाना पड़ता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गेहूं की खेती से महज 15 से 20 किसानों को ही लाभ मिल रहा है, जबकि इसकी कीमत पूरे गांव को जलसंकट के रूप में चुकानी पड़ रही है। पिछले 15-20 वर्षों से लगातार भूजल स्रोत का दोहन होने से जलस्तर खतरनाक स्थिति में पहुंच गया है। यदि समय रहते इसे नहीं रोका गया, तो गांव में पीने के पानी का स्रोत पूरी तरह समाप्त हो जाएगा ।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में भू-माफिया से साठगांठ, हास्टल की जमीन पर सड़क, विरोध में उतरे आदिवासी छात्र-छात्राएं
ग्रामीणों की प्रमुख मांगें
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव में रबी फसल के तहत गेहूं की बुआई पर तत्काल प्रतिबंध लगाया जाए। इसके साथ ही सिंचाई के लिए उपयोग किए जा रहे संबंधित किसानों के ट्यूबवेल के विद्युत कनेक्शन काटने और गांव में अवैध बोर खनन पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की गई है।