बिलासपुर। Happy Sawan 2021: सावन का आज तीसरा दिन है। बिलासपुर में अब तक खंडवर्षा देखने को मिल रही थी। सोमवार की रात से शुरू हुई झड़ी अभी तक जारी है। मंगलवार सुबह से जबरदस्त मौसम बना हुआ है। सावन का मंगलमय आरंभ को लेकर एक ओर जहां शिव भक्तों में भारी उत्साह है तो वहीं न्यायधानीवासी इंटरनेट मीडिया पर तस्वीरें शेयर कर अपनी खुशी का इजहार कर रहे हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि अभी 31 जुलाई तक स्थिति ऐसी ही बने रहने की संभावना है।
लालपुर स्थित मौसम वेधशाला के मौसम विज्ञानी डा.एचपी चंद्रा के मुताबिक एक चक्रीय चक्रवाती घेरा उत्तर पश्चिम मध्य प्रदेश के ऊपर 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। मानसून द्रोणिका गंगानगर, हिसार, दिल्ली, अलीगढ़, फुर्सतगंज, गया, बंकुरा और उसके बाद पूर्व-दक्षिण-पूर्व की ओर उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक स्थित है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा उत्तर बंगाल की खाड़ी के ऊपर 1.5 किलोमीटर से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है।
एक पूर्व-पश्चिम द्रोणिका 25 डिग्री उत्तर में 3.1 से 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है। जिसके प्रभाव से आज प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ भारी वर्षा भी हो सकती है। प्रदेश में अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट संभावित है। बिलासपुर संभाग में निश्चित रूप से तापमान में गिरावट देखने को मिल सकता है। गौरतलब है कि सोमवार को बिलासपुर का अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री था।
547.3 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड
बिलासपुर जिले में अब जून से अब तक 547.3 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड किया जा चुका है। जो कि सामान्य से अधिक है। जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण यहां की नदियों और बांध में जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। माना जा रहा है कि यदि बारिश की स्थिति इसी तरह बनी रही तो जल्द ही बांध शत प्रतिशत भर जाएंगे।