बिलासपुर। आजादी के अमृत महोत्सव को उल्लास और गरिमामय ढंग से मनाने के लिए शासकीय व अर्धशासकीय कार्यालयों के अलावा निजी प्रतिष्ठानों और हर घर में तिरंगा फहराने की योजना केंद्र सरकार ने बनाई है। स्कूलों में इसके लिए अभियान चलाने के निर्देश जारी किए हैं। स्कूली बच्चों में देश प्रेम की भावना जगाने के साथ ही घरों में तिरंगा फहराने माहौल बनाया जाएगा।
हर घर तिरंगा अभियान अब जोर पकड़ने लगा है। निजी व सरकारी स्कूलों में स्कूली बच्चों को आजादी के अमृत महोत्सव का उद्देश्य बताया जाएगा। इसमें स्कूल के प्राचार्य और शिक्षकों को जिम्मेदारी दी जाएगी। प्राचार्य और शिक्षक शैक्षणिक संस्थान के छात्रों के बीच अमृत महोत्सव को लेकर चर्चा करेंगे। छात्रों में देश प्रेम की भावना जगाने आजादी के 75 वर्षों का इहितास भी बताएंगे। स्वतंत्रता की लड़ाई में बलिदान होने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की वीरगाथा को लेकर चर्चा करेंगे। इतिहास के पन्नों पर सिमटे वीर सपूतों के अदम्य साहस और देश की आजादी में अहम भूमिका निभाने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के इतिहास से भी परिचित कराएंगे। आजादी के इन 75 वर्षों में देश ने क्या पाया और प्रगति के कितने सोपानों को हमने पूरा किया है। ऐसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर खुलकर चर्चा करेंगे।
घरों में तिरंगा फहराने बच्चों को करेंगे प्रेरित
स्कूल में चलाए जाने वाले अभियान के दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं को घरों में तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा। बच्चों के जरिए पालकों के मन में देश प्रेम की भावना जगाने की कोशिश की जाएगी। 11 से 15 अगस्त के तक हर घर में तिरंगा फहराने की योजना केंद्र सरकार ने बनाई है। इसके लिए तिरंगा झंडा की आपूर्ति के लिए केंद्रीय संस्थानों के अलावा राज्य शासन के विभिन्न् विभागों को अधिकृत किया जा रहा है। केंद्र सरकार ने डाक घरों को फोकस किया है। मुख्य डाक घर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित डाक घरों में तिरंगा झंडा की बिक्री की जाएगी। स्वयंसेवी संस्थानों को भी तिरंगा आपूर्ति की जिम्मेदारी दी जा रही है।