
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। हाई कोर्ट के गेट नंबर-दो के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से हिर्री थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक धनशु साय पैकरा घायल हो गए। हादसे में उनके दाहिने घुटने, पैर, सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोट आई है। उन्हें उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टक्कर से उनकी मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, धनशु साय पैकरा रोज की तरह 29 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 10 बजे कोनी स्थित अपने घर से हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 14 बी 3296 से हिर्री थाना ड्यूटी जाने के लिए निकले थे। सुबह करीब 11 बजे जब वे हाई कोर्ट के गेट नंबर-दो के पास पहुंचे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
हादसे में प्रधान आरक्षक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। उनके दाहिने घुटने, पैर और सिर सहित अन्य जगह चोटें आईं। दुर्घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां भर्ती कराया गया। घायल प्रधान आरक्षक के बड़े भाई मन्सू साय पैकरा सरसीवा थाने में सहायक उप निरीक्षक के पद पर पदस्थ हैं। उन्हें 29 अक्टूबर की शाम फोन पर भाई के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। इसके बाद उन्होंने 30 अक्टूबर को थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक के संबंध में जांच कर रही है।