
बिलासपुर। चमड़ी जला देने वाली गर्मी ने पूरे बिलासपुर को अपने आगोश में ले लिया है। अधिकतम तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच है। गर्म हवाओं के साथ लू जैसी स्थिति बनी हुई है। इन सबके बीच मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों तक ग्रीष्म लहर की चेतावनी दी है। आम लोगों को इस दौरान अपने सेहत का खास ख्याल रखना होगा। बहुत जरूरी काम होने पर ही घर से निकलें।
लालपुर स्थित मौसम वेधशाला के मौसम विज्ञानी डां एचपी चंद्रा के मुताबिक एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक द्रोणिका पूर्वी उत्तर प्रदेश से नागालैण्ड तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। प्रदेश में अभी ग्रीष्म लहर जैसी स्थिति है। तेज गर्म हवाएं चल रही हैं। यह स्थिति 48 घंटों तक बनी रह सकती है। प्रदेश में कल चार जून को अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है परंतु अधिकतम तापमान में गिरावट की संभावना नहीं है।
प्रदेश में एक दो पैकेट में ग्रीष्म लहर चलने अथवा ग्रीष्म लहर जैसे स्थिति रहने की संभावना है। प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। इस बीच मौसम विभाग ने आज दोपहर चेतावनी जारी करते हुए स्पष्ट कहा है कि तीन व चार जून को भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान अपने चरम पर होगा। तापमान में भी गिरावट की कोई संभावना नहीं है। गर्मी के कारण लोगों का आम जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है।
दोपहर को जिस तरह से गर्म हवाएं चल रही हैं, साफ है कि रात में न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि होगी। फिलहाल गर्मी और उमस ने लोगों को बेचैन कर दिया है। दूसरी ओर केरल में मानसून के दस्तक के साथ लोग छत्तीसगढ़ में मानसून आने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ में 14 व 15 जून को मानसून आने की संभावना है। इस बीच एक चक्रीय चक्रवाती गिरा सक्रिय होने के कारण मौसम में अचानक बदलाव भी संभव है। हालांकि इससे गर्मी पर कोई व्यापक असर नहीं पड़ेगा।