यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 25, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bilaspur News : हिंडालको प्रबंधन पर अवैध उत्खनन का आरोप, प्रधानमंत्री से रोक लगाने की मांग
Bilaspur News: शासन को भी लाखों के रॉयल्टी का नुकसान हो रहा है।
By anil.kurreyEdited By: anil.kurrey
Publish Date: Wed, 25 Nov 2020 05:05:36 PM (IST)Updated Date: Wed, 25 Nov 2020 05:10:46 PM (IST)

अंबिकापुर। Bilaspur News: बलरामपुर जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक नौ से सदस्य अंकुश सिंह ने प्रधानमंत्री को पत्र लिख हिंडालको कंपनी पर सामरी क्षेत्र में वनों की अवैध कटाई एवं बॉक्साइट का अवैध उत्खनन का आरोप लगा इस पर रोक लगाने की मांग की है।
प्रधानमंत्री को भेजे पत्र में जिला पंचायत सदस्य अंकुश सिंह ने उल्लेखित किया है कि सामरी, टाटीझरिया क्षेत्र में हिंडाल्को कंपनी के द्वारा बॉक्साइट उत्पादन का कार्य विगत कई वर्षों से किया जा रहा है लेकिन कंपनी के द्वारा बॉक्साइट उत्पादन के दौरान वनों की अवैध कटाई एवं जंगल का सफाया किया जा रहा है साथ ही साथ अवैध बॉक्साइट खनन बड़े भूभाग में 1996 से जारी है।
आरोप लगाया कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के विरोध के बावजूद भी हिंडालको के द्वारा बुनियादी मूलभूत सुविधाएं जो प्रदान करनी चाहिए उसके नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है एवं ग्रामीणों को छला जा रहा है। जिससे स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण आक्रोशित है इस संबंध में कई बार प्रशासन को अवगत कराया गया परंतु आज तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई जिस कारण प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर यहां की वस्तुस्थिति से से अवगत कराया है। जिला पंचायत सदस्य ने आरोप लगाया कि हिंडालको कंपनी के द्वारा एक और अवैध उत्खनन बॉक्साइट का किया जाता ही है वहीं दूसरी ओर उत्खनन के बाद समतलीकरण भूमिका नहीं करा जाता है जिससे भूमि किसी भी उपयोग लायक नहीं रहती।जिला पंचायत सदस्य अंकुश ने आरोप लगाया कि उत्खनन क्षेत्र में सड़क स्वास्थ्य बिजली सहित अन्य व्यवस्थाएं जो प्रदान करनी चाहिए वह नहीं की जा रही है।
सड़क स्वास्थ्य बिजली सहित अन्य व्यवस्था के नाम पर सिर्फ कागजी खानापूर्ति में कंपनी लगी हुई है।जिला पंचायत सदस्य का आरोप है कि जिस प्रकार से वनों की अवैध कटाई हो रही है इससे क्षेत्र के आदिवासी बहुत ही चिंतित है। क्योंकि ग्रामीण क्षेत्रों के बड़ी जनसंख्या वनों पर ही आश्रित है ऐसे में वन के कट जाने से उनके आजीविका प्रभावित होगी ही वही पर्यावरण को भी बड़ा नुकसान हो रहा है।
जिला पंचायत सदस्य अंकुश ने आरोप लगाया कि हिंडालको कंपनी की मनमानी ऐसी है कि वह स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की नहीं सुनते कम्पनी मनमानी रूप से अवैध तरीके से वनों की कटाई एवं बॉक्साइट का उत्खनन कर रही हैं। शिकायतों के बाद भी कोई कार्यवाई नहीं होती। जिला पंचायत सदस्य अंकुश सिंह ने कहा कि हिंडालको कंपनी के मनमानी से ऐसा नहीं है कि सिर्फ ग्रामीण ही प्रभावित हैं परंतु इससे शासन को भी लाखों के रॉयल्टी का नुकसान हो रहा है।
जिस प्रकार से कंपनी के द्वारा अवैध उत्खनन एवं वनों की अवैध कटाई की जा रही है इसे तत्काल रोके जाने की आवश्यकता है। जब से हिंडालको कंपनी के द्वारा बॉक्साइट का उत्खनन किया जा रहा है तब से लेकर आज तक पेड़ों की कटाई की है परंतु पौधरोपण करने में कंपनी ने तत्परता नहीं दिखाई जिससे आज जिस क्षेत्र में उत्खनन हुआ है वह क्षेत्र पेड़ विहीन हो गए हैं।