Bilaspur Weather Update: न्यायधानी में बढ़ी उमस, मौसम का इशारा 72 घंटे के भीतर बारिश की संभावना
Bilaspur Weather Update: मंगलवार सुबह से सूर्य ने तरेरी आंख
By sandeep.yadav
Edited By: sandeep.yadav
Publish Date: Tue, 17 Aug 2021 12:12:54 PM (IST)
Updated Date: Tue, 17 Aug 2021 12:12:54 PM (IST)

बिलासपुर। Bilaspur Weather Update: न्यायधानी में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। सावन के आखिरी सप्ताह में जमकर गर्मी व उमस पड़ रही है। बारिश के नाम पर सिर्फ बूंदाबादी हुई है। खंडवर्षा के कारण इस बार किसानों की स्थिति में चिंताजनक बनी हुई है। इस बीच मौसम विभाग का मानना है कि अगले 72 घंटे के भीतर मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है।
बिलासपुर में फिलहाल अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के करीब है।
लालपुर स्थित मौसम वेधशाला के विज्ञानी डा.एचपी चंद्रा के मुताबिक मानसून द्रोणिका का पश्चिमी छोर हिमालय की तराई में और पूर्वी छोर हरदोई, पटना, जमशेदपुर, पारादीप और उसके बाद दक्षिण-पूर्व की ओर पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक स्थित है। एक निम्न दाब का क्षेत्र पश्चिम-मध्य और उससे लगे उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी, तटीय ओडिस और तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर स्थित है इसके साथ उपरी हवा का चक्रवाती घेरा 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है।
17 अगस्त को प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश में गरज चमक के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी हो सकती है। प्रदेश में अधिकतम तापमान में गिरावट संभावित है। भारी वर्षा का क्षेत्र मुख्यत: मध्य छत्तीसगढ़ रहने की संभावना है। न्यायधानी में आज 3.2 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड किया गया है। जबकि एक जून से अब तक 728.9 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई। वहीं उमस व गर्मी बढ़ने से मौसमी बिमारियों का प्रकोप बढ़ने लगा है। अस्पतालों में रोजाना भीड़ लग रही है। इसके अलावा बारिश थमने से किसान भी चिंतित है।