बिलासपुर। Bilaspur News: नगर पंचायत राजपुर में बाईपास सड़क निर्माण की मांग को लेकर क्रमिक भूख हड़ताल दूसरे दिन भी जारी है। दूसरे दिन क्रमिक भूख हड़ताल पर सतेंद्र अग्रवाल , सुरेश गुप्ता , छोटन गुप्ता किराना,अभिषेक जायसवाल,राकेश जायसवाल बैठे है।
राजपुर बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले भूख हड़ताल के दूसरे दिन नगरवासियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के छाया चित्र पर पुष्प अर्पित किया। तत्पश्चात क्रमिक भूख हड़ताल की शुरुआत की गई।मालूम हो कि अंबिकापुर रामानुजगंज राष्ट्रीय राजमार्ग पर राजपुर स्थित है। नगर पंचायत राजपुर की बसाहट राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे होने के कारण सड़क चौड़ीकरण और नवनिर्माण में व्यापक तोड़फोड़ की संभावना है।
सड़क को 30 मीटर चौड़ा करने का प्रस्ताव है इसीलिए नगर वासी वर्तमान प्रचलित सड़क को चौड़ा करने के बजाए राजपुर में बाइपास सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं ताकि नुकसान से बचाया जा सके। यदि वर्तमान प्रचलित सड़क को ही चौड़ा किया जाएगा तो राजपुर की 90 फीसद मकान व दुकान सड़क की प्रस्तावित चौड़ाई के दायरे में आएंगे। लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा। अधिकांश लोगों के समक्ष आजीविका का संकट खड़ा हो जाएगा।नगरवासियों द्वारा लगातार राजपुर को नुकसान से बचाने के लिए बाइपास सड़क को सबसे महत्वपूर्ण विकल्प बताया जा रहा है।
वर्तमान प्रचलित सड़क को चौड़ा करने में जितनी रकम खर्च होगी उससे कम राशि में बाइपास सड़क का निर्माण हो जाने का दावा कर लगातार गुहार लगाई जा रही है कि वर्तमान प्रचलित सड़क को चौड़ा करने के बजाए बाइपास सड़क का निर्माण कराया जाए। 11 जनवरी तक क्रमिक भूख हड़ताल किया जाएगा।
12 जनवरी को नगर बंद और चक्का जाम के बाद भी यदि नगर वासियों की मांग को लेकर कोई निर्णय नहीं लिया जाता है तो न्यायालय में याचिका दायर करने का निर्णय लिया गया है।इस अवसर पर पूरन जायसवाल, सुरेश सोनी, अभय जायसवाल, नरेश अग्रवाल, सतेंद्र अग्रवाल, अभिषेक जायसवाल, छोटन गुप्ता, उपेन्द्र गुप्ता, राजू जायसवाल, जोखन जायसवाल उपस्थित थे।