बिलासपुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। गुरुवार को नगर निगम के अतिक्रमण टीम बेजा कब्जा ताेड़ने मोपका पहुंची। सरकारी जमीन पर बने बाउंड्रीवाल को तोड़ने के लिए पोकलेन गाड़ी आगे बढ़ी तो पति-पत्नी मशीन से लिपट गए। कार्रवाई को रोकने के लिए जमकर हंगामा मचाया। इसके चलते निगम के स्टाफ को पुलिस बल बुलाना पड़ गया। पुलिसकर्मियों ने पति-पत्नी को अलग किया। इसके बाद कार्रवाई की गई।
नगर निगम को सूचना मिली कि मोपका के विवेकानंद नगर के सरकारी जमीन सड़क पर मनीषा सिंह पति प्रियमवद सिंह अपने घर के सामने सड़क की जमीन पर बाउंड्रीवाल का निर्माण करवा लिया है। सूचना पर निगम से नोटिस जारी किया गया। लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। फिर गुरुवार को निगम के अतिक्रमण दल कार्रवाई करने मोपका पहुंचा। इस दौरान मनीषा व पियमवद घर पर ही थे। निगम कर्मचारियों व पोकलेन मशीन को देखकर दोनों घर से बाहर निकले।
फिर कार्रवाई का विरोध करने लगे। जब पोकलेन मशीन को चालक ने बाउंड्रीवाल के पास लेकर गया। तब मनीषा व प्रियमवद मशीन को पकड़कर चिपक गए। निगम कर्मचारियों ने समझाईश दी, लेकिन पति-पत्नी मानने को तैयार नहीं हो हो रहे थे। पाेकलेन गाड़ी के सामने खड़े हो गए थे। इसके बाद सरकंडा पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। फिर दोनों पति-पत्नी को पकड़कर मशीन से अलग किया। इसके बाद बाउंड्रीवाल तोड़ने की कार्रवाई शुरू की गई।
मकान बनाने की सूचना भी नहीं दी
कार्रवाई करने पहुंची निगम के अधिकारियों ने बताया कि युवक अपने निजी जमीन पर मकान का निर्माण कराया है। लेकिन सड़क के सरकारी जमीन पर बाउंड्रीवाल बनवा लिया था। नगर निगम को मकान बनाने के बारे में भी सूचना नहीं दी गई है। इसके चलते युवक को नोटिस जारी किया गया है।
लगातार चल रही कार्रवाई
नगर निगम प्रशासन द्वारा सरकारी जमीन पर बेजा कब्जा करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई चल रही है। इससे पहले मंगला, सरकंडा नूतन चौक, कोनी समेत अन्य क्षेत्रों में बेजा कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पूरे शहर को बेजा कब्जा मुक्त करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।