बिलासपुर। नईदुनिया प्रतिनिधि
रोज बियर पी रहा हूं, क्या पथरी ठीक हो जाएगी। इस सवाल के जवाब में मूत्र रोग, प्रोस्टेट व स्टोन रोग विशषेज्ञ डॉ. कमलेश मौर्या ने कहा कि ऐसा बिलकुल नहीं है। बियर पीने से ज्यादा पिशाब होता है। यदि कोई भी ज्यादा पानी का सेवन करेगा तो उसे पिशाब भी ज्यादा लगेगी। ऐसे में कई बार छोटी पथरी पेशाब के माध्यम से बाहर निकल जाती है। इसलिए बियर छोड़कर अधिक मात्रा में पानी का सेवन करें। यह पथरी का सबसे बेहतर उपचार है।
डॉ. मौर्या ने गुरुवार की दोपहर 12 बजे से एक बजे तक नईदुनिया कार्यालय में हैलो नईदुनिया कार्यक्रम में फोन पर पाठकों के सवालों का जवाब दिया। उन्होंने बताया कि पथरी का शुरुआत में पता चल जाए तो दवाओं से ठीक हो सकता है, अर्थात पेशाब के द्वारा बाहर निकाल जाता है। बीमारी की जानकारी देर से लगने पर पथरी का आकार बढ़ जाता है। ऐसे में ऑपरेशन करना पड़ता है। इसी तरह उन्होंने प्रोस्टेट ग्रंथि के बढ़ने, उसके कारण, पेशाब से संबंधित बीमारियों के संबंध में पाठकों का परामर्श दिया। इस दौरान उनके साथ नईदुनिया के संपादक डॉ. सुनील गुप्ता और यूनिट हेड सचिन बटाविया भी उपस्थित रहे।
इन सवालों का मिला जवाब
- सवालः पथरी हो गई है, उपचार दवा से होगा या ऑपरेशन कराना पड़ेगा।
- संदीप शर्मा, बिल्हा
- जवाबः ये पथरी के आकार पर निर्भर करता है, यदि हाल फिलहाल में पथरी हुई है और उसका आकार छोटा है तो दवाओं से उपचार हो जाएगा। यदि पथरी को काफी समय हो गया है और आकार बढ़ गया है तो आपरेशन करना होगा।
- सवालः पथरी से बचने के क्या उपाय हैं।
- रवि कौशिक, मुल्ताई मध्यप्रदेश
- जवाब : पथरी से बचने का सबसे उत्तम तरीका पानी का ज्यादा सेवन करना है। रोजाना कम से कम ढाई से तीन लीटर पानी का सेवन करें। नमक कम मात्रा में लें। इसके अलावा संतुलित मात्रा कैल्शियम लेना भी जरूरी है। ज्यादा या कम मात्रा में कैल्शियम लेने से पथरी होने की आशंका रहती है।
- सवालः प्रोस्टेट ग्रंथि में समस्या है, दवा का साइड इफेक्ट हो रहा है।
- एसके मिश्रा, कोरबा
- जवाबः दवा बदलने की जरूरत है। जिस डॉक्टर से उपचार करा रहे हैं पहले उससे मिलें। प्रोस्टेट ग्रंथि की फिर से जांच कराएं और दवा के साइड इफेक्ट होने की जानकारी दें। दवा बदलने से साइड इफेक्ट दूर हो जाएगा। साथ ही बीमारी भी जल्द ठीक हो जाएगी।
- सवालः पेशाब ज्यादा हो रहा है और पैर की हड्डी में दर्द होता है।
- परेश सिंह ठाकुर, तखतपुर
- जवाबः यदि ज्यादा पानी का सेवन कर रहे हैं तो पेशाब भी ज्यादा होगा। यदि ऐसा नहीं है तो जांच कराएं। पैरों की हड्डी में दर्द की शिकायत है तो किसी आर्थोपेडिक डॉक्टर से परामर्श लें।
- सवालः पेशाब में दिक्कत हो रही है।
- विवेक राजपूत, बिलासपुर
- जवाबः पेशाब में दिक्कत होने के कई कारण हो सकते हैं। पथरी भी हो सकती है या फिर कोई अन्य कारण हो सकता है। इसके लिए जांच करना और उसके बाद सोनोग्राफी कराना ही सही होगा। इसके माध्यम से बीमारी का वास्तविक कारण पता चल जाएगा।
- सवालः पथरी है किस तरह से उपचार कराएं।
- अरुण खुंटे, कोरबा
- जवाबः पथरी के आकार जानने के बाद ही उपचार शुरू किया जा सकता है। यदि पथरी प्रारंभिक स्तर पर है तो दवा से उपचार हो जाएगा। अन्यथा ऑपरेशन की आवश्यकता पड़ सकती है। दवा लेते रहें और खून पानी का सेवन करें। नियमित अंतराल में डॉक्टर से परामर्श भी जरूरी है।
- सवालः पेशाब रुकता नहीं है।
- निरंजन प्रधान, तारबहार
- जवाबः आशंका है कि प्रोस्टेट ग्रंथि का आकार बढ़ गया होगा। इसकी वजह से कई बार पेशाब रुक नहीं पाता है। डॉक्टर से जांच कराएं। उनकी दवा का सेवन करें। समस्या जल्द ठीक हो जाएगी।
- सवालः प्रोस्टेट ग्रंथि क्या होती है।
- संतोष कुमार, तखतपुर
- जवाबः इसका आकार अखरोट के बराबर का होता है। यह मूत्राशय के ग्रीवा के नीचे मूत्रमार्ग के पास होती है, जो कि सिर्फ पुरुषों में पाई जाती है। इसके बढ़ने पर पेशाब करने में तकलीफ होती है। आमतौर पर यह समस्या 60 साल की उम्र के बाद शुरू होती है।