
नईदुनिया प्रतिनिधि,बिलासपुर: त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। मिलावटखोरों और जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ विभाग ने ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी कड़ी में बुधवार को खाद्य सुरक्षा दल ने मंदिर चौक स्थित इंस्टाकार्ट प्राइवेट लिमिटेड के वेयरहाउस पर आकस्मिक छापा मारा।
जांच के दौरान मौके पर फंगस लगी अमूल आइसक्रीम के डिब्बे मिलने पर सनसनी फैल गई। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 85 डिब्बे मौके पर नष्ट कराए। साथ ही व्रत में उपयोग होने वाले कुट्टू व सिंघाड़े के आटे के नमूने भी जांच के लिए जब्त किए हैं।
त्योहारों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा दल द्वारा की गई इस बड़ी कार्रवाई से मंदिर चौक स्थित इंस्टाकार्ट प्राइवेट लिमिटेड के परिसर की सघन जांच की गई। निरीक्षण के दौरान स्टाक में रखी गई अमूल शालिमार आइसक्रीम के डिब्बों में फंगस (फफूंद) लगी हुई पाई गई। आम जनता के स्वास्थ्य पर इसके गंभीर और प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए विभाग ने बिना कोई देरी किए मौके पर ही 85 डिब्बे (प्रत्येक 68 ग्राम) आइसक्रीम को नष्ट करवा दिया।
इसके साथ ही इस बात की पुष्टि के लिए अन्य सामाग्री कितनी सुरक्षित है, आइसक्रीम का सर्विलांस सैंपल भी लिया गया है, जिसे विस्तृत गुणवत्ता परीक्षण के लिए लैब में भेजा गया है। अभिहित अधिकारी आरआर देवांगन ने बताया कि त्योहारों के इस सीजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्रवाई के दौरान खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी खीरसागर पटेल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अविषा मरावी के साथ प्रतीक तिवारी शामिल रहे।
यह भी पढ़ें- दो पत्नियों के कानूनी विवाद में किसे मिली संपत्ति? बच्चों के हक में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का ऐतिहासिक फैसला
शहर के इन प्रतिष्ठानों की भी हुई जांच
टीम ने सिर्फ एक संस्थान तक सीमित न रहते हुए शहर के कई प्रमुख खाद्य प्रतिष्ठानों और भोजनालयों का भी औचक निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों का जायजा लेने के लिए इंडियन काफी हाउस सरकंडा, श्री साईं कैफे और पंजाबी रेस्टोरेंट सिम्स चौक सदर बाजार में भी जांच की गई। निरीक्षण के दौरान सभी प्रतिष्ठान संचालकों को कड़ी हिदायत दी गई कि वे अपनी दुकानों और गोदामों में साफ-सफाई के उच्च मानक बनाए रखें। केवल वैध, फ्रेश और उच्च गुणवत्ता वाली खाद्य सामाग्रियों का ही भंडारण व विक्रय किया जाए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के नियमों का शत-प्रतिशत पालन करना अनिवार्य है।
आगे भी लगातार जारी रहेगी कार्रवाई
त्योहारी सीजन के दौरान मिलावट का बाजार गर्म होने की आशंका को भांपते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने साफ कर दिया है कि यह जांच अभियान केवल एक दिन का नहीं है, बल्कि पूरे सीजनभर लगातार और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगा। शहर के किराना स्टोर, मिष्ठान भंडार, वेयरहाउस और बड़े आनलाइन डिलीवरी प्लेटफार्म्स की गतिविधियों पर विभाग की पैनी नजर बनी हुई है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी भारी जुर्माने और कानूनी कार्रवाई चलेगी।
शहरवासी बने जागरूक
विभाग की टीम ने शहरवासियों की सलाह दी है कि सावधानी ही बचाव है। त्योहारों में बाजार से खरीदारी करते समय हमेशा पैकेट पर निर्माण तिथि, एक्सपायरी डेट और एफएसएसएआइ का लाइसेंस नंबर जरूर जांच लें। खुले या संदिग्ध रंग-रूप वाली मिठाइयों और खाद्य सामाग्रियों की खरीदी से बचें। व्रत में उपयोग होने वाले कुट्टू, सिंघाड़े का आटा या अन्य सामग्री हमेशा विश्वसनीय और ब्रांडेड दुकानों से ही खरीदें। यदि कोई सामाग्री पुरानी या सीलनयुक्त लगे, तो उसका सेवन बिल्कुल न करें।
अमानक सामान मिलने पर कर सकते हैं शिकायत
यदि आपको अपने आसपास किसी भी दुकान, माल या आनलाइन प्लेटफार्म पर मिलावटी, एक्सपायर्ड, फंगसयुक्त या अमानक खाद्य सामाग्री बिकती हुई दिखाई दे, तो तत्काल इसकी शिकायत खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग से करें। आप सीधे विभाग के कार्यालय या संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं, ताकि समय रहते उचित कानूनी कार्रवाई की जा सके।