नईदुनिया न्यूज, बिलासपुर। मंगला चौक से उसलापुर ओवरब्रिज के बीच सड़क किनारे लगे पेड़ों की कटाई के मामले प्रशासन सीसीटीवी फुटेज खंगाल सकता है। यह स्थिति इसलिए बन रही है क्योंकि जांच के दौरान पूछताछ में किसी ने भी कटाई करने वाले को देखने की जानकारी नहीं दी। यही कारण है सिविल लाइन पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। हालांकि प्रशासन व पुलिस दोनों ही कटाई के इस मामले को लेकर गंभीर है और प्रकरण पर गंभीरता के साथ जांच की जा रही है। जल्द आरोपितों की पहचान होने की उम्मीद है।
शहर की हरियाली को नष्ट करने की इस मामले को नईदुनिया ने प्रमुखता से उठाया था। खबर प्रकाशित होने के बाद कलेक्टर अवनीश शरण ने गंभीरता से लेते हुए पीडब्लूडी के अधिकारियों को जुर्म दर्ज कराने के निर्देश दिए। पीडब्लूडी के एसडीओ ने सिविल लाइन थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ लोक संपत्ति का नुकसानी निवारण अधिनियम के तहत जुर्म दर्ज कराया है। इसके पहले जिला प्रशासन के अधिकारियों की एक टीम मौके पर पहुंची और जांच की। इस दौरान पूछताछ भी किया गया। लेकिन, इसमें आरोपितों के संबंध में ठोस सुराग नहीं मिला। यही कारण है कि जांच के दौरान प्रशासन कटाई वाले स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी के फुटेज खंगाल सकती है। आसपास दुकान हो या घर, अधिकांश जगहों पर सुरक्षा की दृष्टि कैमरे लगाए गए हैं। माना जा रहा है कि इन कैमरे अवश्य अवैध कटाई करने वाले कैमरे में कैद हुए होंगे।
आधी रात कटाई होने की आशंका
शहर की हरियाली को लेकर प्रशासन बेहद गंभीर है। इसलिए आशंका जताई जा रही है कि यह बदमाशी आधी रात को हुई होगी। दिन में कटाई से कार्रवाई का डर रहता है। हालांकि अभी प्रशासनिक स्तर पर जांच चल रही है। जांच के दौरान सभी एंगिल से देखा जा रहा है।
वृक्ष सूखाने का मामला भी गंभीर
पेड़ कटाई के साथ-साथ कुछ महीने पहले उसलापुर ओवरब्रिज से तीन वृक्ष को जानबूझकर सुखाने का भी मामला सामने आया था। अज्ञात लोगों ने वृक्षों की गडलिंग कर दी थी। हालांकि इस मामले को उस समय प्रशासन या वन विभाग ने गंभीरता से नहीं लिया। इसके चलते तीनों वृक्ष पूरी तरह सूख चुके हैं। कटाई के साथ- साथ इस प्रकरण को भी गंभीरता से लेने की आवश्यकता है। जांच में इस मामले के भी आरोपितों का चेहरा सामने आ सकता है।