नईदुनिया न्यूज, पाली । वर्षा की झड़ी थम गई हैं, अब मानसून की विदाई होने वाली है। दशहरे की छुट्टी हो गई है, इस बीच अगर शहर के दौड़ भाग और वाहनों की ध्वनि प्रदूषण के झंझट से व्याकुल हैं, तो सुकून पाने के लिए चले जाइए पोटापानी। यहां एक बेहद खूबसूरत झरना है, जहां पर्यटक सैर सपाटे के लिए आने लगे हैं।
अगर आप सैर सपाटे का मन बना रहे हैं, तो पोटापानी के नागिन झरना से बेहतर जगह नहीं हो सकती है. यहां आपको चारों तरफ हरियाली और पत्थरों के बीच में बहती पानी मिलेगा।
इन खूबियों के साथ, यह जल प्रपात आपको ताजगी से भर देगा, मस्त हवा के झोंके पंछियों के कलरव और झरने का कोलाहल समूचे परिवेश को जादुई बना देता हैं।
खान पान की सामग्री साथ लेकर जाना होगा
ध्यान रहे नागिन झरना जा रहे हैं, तो राशन सामान साथ लेकर जाना, नहीं तो खान पान के लिए दिक्कत हो सकती हैं। यह झरना पोटापानी गांव से एक किलोमीटर दूर पर स्थित है जहां एक भी दुकान नहीं है।
विश्राम स्थल बनाने अधिकारियों से की गई मांगपुष्पा- दिलराज मरकाम
ग्राम पोटापाली निवासी पुष्पा दिलराज मरकाम का कहना है कि इसे बढ़ावा देने के लिए नागिन झरना स्थलों की समुचित सफाई की जाती हैं। पर्यटकों के ठहरने के लिए विश्राम स्थल बनाने जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया गया है। कार्तिक पूर्णिमा में अधिक भीड़ होती हैं। इस दौरान गांव की समिति द्वारा उचित व्यवस्था की जाती हैं। दो- पाहिया व चार- पहिया वाहन खड़े करने की व्यवस्था की जाएगी।
प्रपात पर्यटकों को कर रहा आकर्षित-सुधराम अगरिया
जनपद सदस्य सुधरा अगरिया का कहना है कि इस मौसम में घूमने के लिए बेस्ट आप्शन है। घने जंगलों के बीच नागिन झरना की जल प्रपात पर्यटकों को बेहद आकर्षित करता है। यही वजह है कि यहां पर्यटकों की भारी भीड़ रहती है। वाहनों की पार्किंग व्यवस्था नहीं है। झरना तक जाने के लिए आपको कुछ दूर पैदल ही चलना होगा।
सैरसपाटे के लिए नागिन झरना से बेहतर जगह कहीं नहीं -शंकर दीवान
ग्राम मादन निवासी शंकर दीवान का कहना है कि खुशनुमा मौसम और वर्षा के बीच, अगर आप शांति वातावरण में सैर सपाटे का मन बना रहे हैं, तो पोटापानी के नागिन झरना से बेहतर जगह नहीं हो सकती है। यहां चारों तरफ हरियाली और पत्थर चट्टान के बीच में स्वच्छ व मीठा पानी मिलेगा। इन खूबियों के साथ, यह जल प्रपात आपको ताजगी से भर देगा।
सैलानियों के लिए उपलब्ध कराई जाएगी सुविधा -योगलक्ष्मी अनिल मरावी
जनपद सदस्य योग लक्ष्मी अनिल मरावी का कहना है कि यह हमारी अपनी विरासत, परिदृश्यों और समुदायों के साथ गहरे संबंध को बढ़ावा देने के बारे में है। नागिन झरना का अच्छे प्रकार से रख रखाव की जाएगी, उन्हें अधिक आकर्षक बनाने की तैयारी की जा रही है। सैलानियों के लिए तमाम सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी।