
नईदुनिया प्रतिनिधि,बिलासपुर: समर्थन मूल्य पर 15 नवंबर से शुरू होने वाली धान खरीदी से ठीक पहले कोचियों और अवैध कारोबारियों पर प्रशासन ने शिकंजा कस दिया है। उपार्जन केंद्रों में अनधिकृत रूप से धान खपाने की कोशिशों को नाकाम करने के लिए कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर गुरुवार को जिलेभर में ताबड़तोड़ छापामारी की गई। राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीमों ने सात अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर अवैध रूप से भंडारित 501 कट्टी यानी 200.40 क्विंटल धान जब्त किया है।
प्रशासनिक जांच दलों ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के व्यापारिक प्रतिष्ठानों, राइस मिल और किराना दुकानों में आकस्मिक निरीक्षण कर यह कार्रवाई की। जांच के दौरान किसी भी फर्म के पास भंडारण से जुड़े वैध दस्तावेज नहीं मिले, जिसके बाद सभी प्रकरणों में मंडी अधिनियम के तहत जब्ती की कार्रवाई की गई है।
सबसे बड़ी कार्रवाई कोटा क्षेत्र में की गई, जहां एक राइस मिल में अवैध रूप से संग्रहित 50 क्विंटल से अधिक धान पकड़ा गया। वहीं चकरभाठा और ग्रामीण इलाकों में किराना दुकानों की आड़ में धान डंप कर रखा गया था। जिला प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि खरीदी सीजन के दौरान अवैध भंडारण और परिवहन पर सख्त निगरानी जारी रहेगी।
कोटा: वार्ड क्रमांक एक स्थित जय भगवान अग्रवाल की श्रीराम राइस मिल से सर्वाधिक 126 कट्टी (50.40 क्विंटल) धान जब्त।
चकरभाठा: शुभम हरियाणी के नानक ट्रेडर्स से 70 कट्टी (28 क्विंटल) और श्री कृष्णा धान भंडार से 60 कट्टी (24 क्विंटल) धान पकड़ा गया।
गतौरा व किरारी: ग्राम गतौरा स्थित अमर किराना स्टोर्स से 70 कट्टी (28 क्विंटल) तथा ग्राम किरारी के राम गोपाल किराना स्टोर्स से 65 कट्टी (26 क्विंटल) धान जब्त।
बेलगहना व मझवानी: बेलगहना में नवीन अग्रवाल के विशेष ट्रेडर्स से 60 कट्टी (24 क्विंटल) और मझवानी दारसागर स्थित जागेश्वर प्रसाद जायसवाल के पप्पू किराना स्टोर से 50 कट्टी (20 क्विंटल) धान बरामद किया गया।
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान उपार्जन केंद्रों में अनधिकृत रूप से धान खपाने के प्रयासों को रोकने के लिए लगातार औचक निरीक्षण किया जा रहा है। सात संस्थानों में अवैध रूप से भंडारित 200.40 क्विंटल धान जब्त कर मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। अवैध कारोबारियों के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।अमृत कुजूर, खाद्य नियंत्रक, जिला बिलासपुर