
नईदुनिया बिलासपुर: उत्तर मध्य रेलवे के आगरा मंडल के अंतर्गत मथुरा स्टेशन के फेस-2 और भूतेश्वर स्टेशन पर वर्तमान में यार्ड रिमॉडलिंग का कार्य तीव्र गति से चल रहा है। इस तकनीकी और बुनियादी विकास कार्यों के तहत प्री-नॉन इंटरलॉकिंग प्री-एनआई और नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) का कार्य किया जाना तय किया गया है।
इसके चलते दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे जोन से चलने तथा इस मार्ग से गुजरने वाली कई लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन बुरी तरह प्रभावित रहेगा। रेलवे प्रशासन की ओर से यात्रियों की सुरक्षा और सुगमता को ध्यान में रखते हुए 9 और 10 अक्टूबर 2026 को चार प्रमुख ट्रेनों को परिवर्तित (डायवर्ट) मार्गों से चलाने का आधिकारिक निर्णय लिया गया है।
यार्ड रिमॉडलिंग के इस कार्य के कारण प्रभावित होने वाली सभी चार ट्रेनें अलग-अलग तारीखों पर अपने निर्धारित मार्ग के स्थान पर वैकल्पिक रास्तों से होकर गंतव्य तक पहुंचेंगी। रेलवे द्वारा जारी विवरण के अनुसार:
निजामुद्दीन-दुर्ग हमसफर एक्सप्रेस 22868: यह ट्रेन जो 10 अक्टूबर को निजामुद्दीन से प्रस्थान करेगी, वह अपने नियमित मार्ग के बजाय निजामुद्दीन-गाजियाबाद-मितावली-आगरा कैंट के परिवर्तित रास्ते से होकर दुर्ग पहुंचेगी।
फिरोजपुर-सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस 20424: 10 अक्टूबर को फिरोजपुर से छूटने वाली यह गाड़ी दिल्ली सफदरजंग-गाजियाबाद-मितावली-आगरा कैंट रूट से डायवर्ट होकर सिवनी के लिए रवाना होगी।
योगनगरी ऋषिकेश-पुरी कलिंग उत्कल एक्सप्रेस 18478: 10 अक्टूबर को योगनगरी ऋषिकेश से चलने वाली यह प्रसिद्ध ट्रेन मेरठ सिटी-खुर्जा-मितावली-आगरा कैंट के वैकल्पिक मार्ग से होते हुए पुरी पहुंचेगी।
विशाखापटनम-अमृतसर हीराकुंड एक्सप्रेस 20807: यह गाड़ी 9 अक्टूबर को विशाखापटनम से चलकर आगरा कैंट-मितावली-गाजियाबाद-नई दिल्ली के रास्ते अमृतसर पहुंचेगी।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे प्रशासन ने सभी सम्मानित यात्रियों से आग्रह किया है कि वे अपनी यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित ट्रेनों के संचालन दिवस, बदली हुई समय-सारिणी और स्टेशनों पर ठहराव से जुड़ी पूरी जानकारी आधिकारिक माध्यमों से जरूर प्राप्त कर लें। यात्री किसी भी असुविधा से बचने के लिए रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, एनटीईएस पोर्टल या रेलवन मोबाइल ऐप का उपयोग कर सकते हैं।