
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। कोटा क्षेत्र के घोघाडीह गांव में सगाई समारोह के दौरान निमंत्रण देने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना में दोनों पक्षों के कई लोगों को चोटें आई हैं। एक पक्ष ने घर का दरवाजा तोड़ने का भी आरोप लगाया है।
कोटा क्षेत्र के ग्राम घोंघाडीह में रहने वाले प्रकाश बंजारे (36) के घर 25 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे सगाई समारोह था। इसमें गांव के सरपंच पति रामनारायण खांडेय, उपसरपंच पति पुनीत राम बघेल सहित अन्य ग्रामीणों को आमंत्रित किया गया था। आरोप है कि एक ही साथ दोनों पक्षों को निमंत्रण देने पर तुलसी बघेल पक्ष के लोगों ने आपत्ति जताई।
प्रकाश ने गांव के सभी लोगों से संबंध होने के कारण निमंत्रण देने की बात कही। इसी बात पर विवाद शुरू हो गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि ईश्वर बघेल पक्ष के लोग अपने परिवार के सदस्यों को बुलाकर गाली-गलौज करने लगे और लाठी-डंडों से मारपीट की।
बीच-बचाव करने पहुंचे समीर, अरुण बंजारे, दिनेश बंजारे, हुसैन और रामनारायण खांडेय के साथ भी मारपीट की गई। हमले में कई लोगों को सिर, हाथ, कंधे और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। घर का दरवाजा तोड़ने का भी आरोप लगाया गया है।
वहीं, दूसरे पक्ष के देवा बघेल (23) ने अपनी शिकायत में बताया कि वह घटना के समय घर के सामने आग ताप रहा था। उसके अनुसार, समीर द्वारा उसके पिता ईश्वर से गाली-गलौज और मारपीट करने पर वह बीच-बचाव करने पहुंचा था।
इसके बाद प्रकाश बंजारे और अन्य लोगों ने उनके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। इस पक्ष की उर्मिला, सुहागा, बंशी, रेशम, मुंशी और मुन्नी बाई को भी चोटें आने की बात कही गई है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।