
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। ऑनलाइन ठगी करने वालों ने अब वाहन चालान और एम-परिवहन के नाम पर लोगों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ग्राम संबलपुरी निवासी एक मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) के मोबाइल पर साले ने एम-परिवहन की एपीके फाइल का लिंक भेजा। लिंक खोलने के दो दिन बाद उसके बैंक खाते से अलग-अलग किस्तों में 99 हजार रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर हो गए। पीड़ित ने फर्जी लिंक के जरिए मोबाइल हैक कर रकम निकालने की शिकायत पुलिस से की है।
शिकायतकर्ता सतीश कुमार साहू ने बताया कि वह ग्राम संबलपुरी में रहता है और एमआर का काम करता है। 20 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 11 बजे उसके मोबाइल पर साले नीलेश साहू ने एम-परिवहन एपीके फाइल का लिंक भेजा।
साले ने बताया कि उसके मोबाइल पर इसी लिंक के माध्यम से 2500 रुपये का जुर्माना आने की सूचना मिली है। उसने सतीश से लिंक खोलकर देखने को कहा। इस पर सतीश ने लिंक खोल लिया।
शिकायत के अनुसार, 22 अक्टूबर को सुबह 8.10 से 8.34 बजे के बीच उसके बैंक ऑफ इंडिया, राजेंद्र नगर शाखा के खाते से अलग-अलग किस्तों में कुल 99 हजार रुपये दूसरे बैंक खाते में ट्रांसफर हो गए।
पीड़ित का आरोप है कि फर्जी लिंक भेजकर उसका मोबाइल हैक किया गया और यूपीआई के माध्यम से खाते से रकम निकाल ली गई। सतीश ने 30 अक्टूबर को थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और कार्रवाई की मांग की है।