दहेज में बुलेट की मांग पूरी न होने पर बिलासपुर में पति ने जबरन पिलाई कीटनाशक दवा
बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र के कौड़िया गांव में दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग पूरी न होने पर पति बलराम प्रजापति और सास ने नवविवाहिता नीलम को जबरन कीटनाशक पिला दिया। सिम्स में 10 दिन तक इलाज के बाद पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी पति और सास के खिलाफ जुर्म दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Publish Date: Sun, 30 Aug 2026 03:50:57 PM (IST)Updated Date: Sun, 30 Aug 2026 03:50:57 PM (IST)
प्रतीकात्मक चित्रHighLights
- बिलासपुर के कौड़िया गांव की घटना।
- सास और पति की साजिश बेनकाब।
- सिम्स अस्पताल में 10 दिन चला इलाज।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: सीपत थाना क्षेत्र के कौड़िया गांव की नवविवाहिता ने अपने पति और सास पर दहेज के लिए शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना करने तथा जान से मारने की नीयत से जबरन कीटनाशक पिलाने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने इसकी शिकायत सीपत थाने में की है।
इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है। सिरगिट्टी क्षेत्र के सिलपहरी में रहने वाली नीलम की शादी दिसंबर 2024 में बलराम प्रजापति (25) निवासी राक कौड़िया, थाना सीपत के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से हुई थी।
शादी में उसके पिता ने अपनी हैसियत के अनुसार फ्रिज, टीवी, कूलर, आलमारी, बेड सहित घरेलू सामान और सोने-चांदी के आभूषण दिए थे। शादी के करीब एक माह तक पति ने उसे ठीक से रखा। इसके बाद पति उस पर मायके से बुलेट मोटरसाइकिल लाने या बुलेट खरीदने के लिए रुपये मांगकर लाने का दबाव बनाने लगा। महिला ने आरोप लगाया कि उसकी सास लक्ष्मी कुम्हार भी उसके सोने-चांदी के गहने मांगती थी। गहने नहीं देने पर पति के साथ मिलकर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
यह भी पढ़ें- सौतेली मां होने से हक खत्म नहीं होता: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने तीन बेटों पर डाली भरण-पोषण की जिम्मेदारी
पति आए दिन अश्लील गाली-गलौज कर मारपीट करता था। जब वह सास से पति की शिकायत करती तो सास भी पति का पक्ष लेकर मायके से दहेज लाने का दबाव बनाती थी। महिला ने आरोप लगाया कि 27 मई 2026 को पति ने बुलेट के लिए दबाव बनाते हुए उसके साथ हाथ-मुक्के से मारपीट की और दहेज नहीं लाने पर जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद जबरन कीटनाशक पिला दिया। हालत बिगड़ने और उल्टी होने पर उसे सिम्स में भर्ती कराया गया, जहां करीब 10 दिन इलाज चला। इस दौरान उसके पति ने उसे फंसाने के लिए स्वयं भी थोड़ा जहर पी लिया और उसके परिवार को उसके द्वारा जहर खाने की गलत जानकारी दी।
इलाज के बाद वह मायके लौटकर रहने लगी। महिला ने पहले भी महिला थाना में शिकायत की थी, लेकिन उसका पति उपस्थित नहीं हुआ। अब उसने पति और सास के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।