
बिलासपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि): छत्तीसगढ़ के न्यायधानी बिलासपुर में चाकूबाजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। आए दिन सामने आ रही इन वारदातों ने शहर की कानून-व्यवस्था और आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है, जहां गुरुद्वारा और शनि मंदिर के पास दुकान लगा रहे एक जलेबी दुकान संचालक को सिर्फ इसलिए चाकू से गोद दिया गया, क्योंकि उसने आरोपी को अश्लील गाली-गलौज करने से मना किया था। इस घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिरगिट्टी क्षेत्र में गुरुद्वारा और शनि मंदिर के पास भूपेंद्र मौर्य रोजाना की तरह अपनी जलेबी की दुकान लगा रहे थे। इसी दौरान स्थानीय निवासी हीरा नामक युवक वहां पहुंचा और दुकान के आसपास खड़े होकर अश्लील गाली-गलौज करने लगा। उस समय दुकान पर एक महिला ग्राहक भी मौजूद थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भूपेंद्र मौर्य ने शालीनता से युवक को महिला की मौजूदगी का हवाला दिया और गाली-गलौज करने से मना किया।
पसली के पास चाकू से वार कर आरोपी फरार
बताया जा रहा है कि मना करने से गुस्साए आरोपी हीरा ने अपने पास रखा धारदार चाकू निकाल लिया और भूपेंद्र मौर्य पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में चाकू सीधे भूपेंद्र की पसली के पास लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से आसानी से फरार हो गया। अचानक हुई इस घटना से आसपास अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे लोगों की मदद से घायल भूपेंद्र को तत्काल उपचार के लिए सिम्सअस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
शहर में लगातार बढ़ रही चाकूबाजी की घटनाएं आम नागरिकों के मन में खौफ पैदा कर रही हैं। मामूली सी बात पर हथियार निकाल लेने की प्रवृत्ति चिंता का विषय बनती जा रही है। पुलिस के तमाम दावों के बावजूद इस तरह की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। फिलहाल, सिरगिट्टी पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।