
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। हाई कोर्ट ने कामकाजी महिलाओं के मातृत्व अधिकारों को लेकर एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक निर्णय सुनाया है। न्यायालय ने स्पष्ट किया है कि मातृत्व लाभ अधिनियम 1961 का लाभ केवल नियमित सरकारी कर्मचारियों तक सीमित नहीं है, बल्कि दैनिक वेतनभोगी, मस्टर रोल, संविदा और कॉलेजों में कार्यरत अतिथि व्याख्याताओं को भी इसका पूरा सवेतन लाभ पाने का कानूनी अधिकार है।
रायपुर की अतिथि व्याख्याता शिल्पी शुक्ला ने मातृत्व अवकाश अवधि का वेतन पाने के लिए हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी। शिल्पी नवंबर 2022 से शासकीय जे. योगानंदम छत्तीसगढ़ कॉलेज में अतिथि व्याख्याता के रूप में कार्यरत हैं। गर्भावस्था के दौरान उनका 13 सितंबर 2025 से मातृत्व अवकाश कॉलेज प्रबंधन ने स्वीकृत किया था और वे 20 मार्च 2026 को ड्यूटी पर लौट आईं।
बाद में उन्होंने अवकाश अवधि के वेतन के लिए आवेदन किया, लेकिन उच्च शिक्षा विभाग ने उन्हें अतिथि कर्मचारी बताते हुए लाभ देने से इन्कार कर दिया। सुनवाई के दौरान राज्य की ओर से कहा गया कि वे नियमित कर्मचारी नहीं हैं, इसलिए वित्तीय लाभ की पात्र नहीं हैं।
याचिकाकर्ता के अधिवक्ता ने तर्क दिया कि मातृत्व लाभ एक मानवीय और वैधानिक अधिकार है तथा केवल नियुक्ति के स्वरूप के आधार पर महिला कर्मचारी के साथ भेदभाव नहीं किया जा सकता।
हाई कोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के डॉ. कविता यादव और दिल्ली नगर निगम बनाम महिला मस्टर रोल कर्मचारी मामलों का हवाला देते हुए स्पष्ट किया कि मातृत्व लाभ किसी महिला कर्मचारी की सेवा श्रेणी पर निर्भर नहीं करता।
हाई कोर्ट ने शिल्पी के पक्ष में महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए कहा कि वह नियमित व्याख्याता की तरह सभी शैक्षणिक दायित्व निभा रही थीं, इसलिए केवल ‘अतिथि’ होने के आधार पर मातृत्व अवकाश का वेतन रोकना गैरकानूनी और अमानवीय है। कोर्ट ने उच्च शिक्षा विभाग को तीन माह के भीतर मातृत्व अवकाश अवधि का पूरा बकाया वेतन भुगतान करने का निर्देश दिया।