
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने जनवरी से अक्टूबर तक विशेष अभियान चलाकर एक लाख 83 हजार 798 वाहन चालकों पर कार्रवाई की है। इनमें शराब पीकर वाहन चलाने वाले दो हजार 858 चालक शामिल हैं। पुलिस ने दो हजार से अधिक वाहन चालकों के लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई भी की है।
एएसपी रामगोपाल करियारे ने बताया कि सड़क हादसों पर लगाम कसने लगातार कार्रवाई की गई है। कार्रवाई के दौरान रेड सिग्नल जंप करने के 39 हजार 968, तेज गति से वाहन चलाने के 14 हजार 455 और लापरवाही से वाहन चलाने के तीन हजार 481 मामले दर्ज किए गए।
वहीं बिना हेलमेट 10 हजार 661, बिना सीट बेल्ट पांच हजार 970 और वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग करने पर तीन हजार 520 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों की समीक्षा में पाया कि शाम छह बजे से रात 12 बजे के बीच सबसे अधिक हादसे होते हैं। इसे देखते हुए इस समय विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन चलाने की अपील की है।
नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने इन सभी प्रकरणों को न्यायालय भेजा, जहां संबंधित वाहन चालकों पर अर्थदंड लगाया गया। यातायात पुलिस के अनुसार शराब पीकर वाहन चलाना गंभीर अपराध है। इससे चालक के साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ती है।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर शहर में लगे इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आइटीएमएस) के माध्यम से भी नजर रखी जा रही है। कैमरों में नियमों का उल्लंघन सामने आने पर संबंधित वाहन चालकों के आनलाइन चालान किए जा रहे हैं। इन मामलों में नियमानुसार समन शुल्क अधिरोपित किया जा रहा है।
यातायात पुलिस तेज रफ्तार, रांग साइड ड्राइविंग, ट्रिपल सवारी, स्टंटबाजी और वाहनों से हुड़दंग करने वालों पर निगरानी रख रही है। इसके अलावा गलत नंबर प्लेट, हूटर, प्रेशर हार्न और माडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। शहर के प्रमुख स्थानों पर स्टापर लगाकर चेकिंग की जा रही है।
मोटर व्हीकल एक्ट के तहत शराब पीकर वाहन चलाने, तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने, रांग साइड या गलत लेन में गाड़ी चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल इस्तेमाल करने जैसे उल्लंघनों पर लाइसेंस निलंबन या निरस्तीकरण का प्रावधान है। मालवाहक वाहनों में यात्रियों को बैठाना भी कार्रवाई के दायरे में आता है। पुलिस आदतन नियम तोड़ने वालों के लाइसेंस पर भी कार्रवाई कर रही है।