
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल रायपुर (व्यापम) द्वारा रविवार को राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड रायपुर अंतर्गत सहायक संचालक, सचिव वरिष्ठ, सचिव कनिष्ठ पद के लिए भर्ती परीक्षा आयोजित की गई। जिले के 75 परीक्षा केंद्रों में सिर्फ 39 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने पर्चा हल किया। परीक्षा हाल से निकलने पर अभ्यर्थियों ने बताया कि पेपर सरल था। 'पुतरा-पुतरी विवाह' किस महीने मनाया जाता है? जैसे सवाल पूछे गए। छत्तीसगढ़ एवं केंद्र सरकार की योजनाओं से संबंधित कई सवाल थे।
जिले के 75 स्कूल और कालेजों को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। सुबह 10 बजे से परीक्षा प्रारंभ होकर दोपहर 12:15 बजे संपन्न हुई। केंद्रों में प्रवेश पूर्व कड़ी जांच पड़ताल की गई। अभ्यर्थियों को किसी भी तरह का इलेक्ट्रानिक डिवाइस, मोबाइल और पर्स प्रतिबंधित था। अधिकांश केंद्रों में सीसीटीवी से निगरानी की गई। परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। सीएमडी पीजी कालेज और कौशलेंद्र राव विधि महाविद्यालय केंद्र से परीक्षा देकर निकले बिलासपुर के अभ्यर्थी अजय सिंह ने कहा कि पर्चा सरल था। पठौनी विवाह छत्तीसगढ़ की किस जनजाति से संबंधित है। छत्तीसगढ़ के निम्नलिखित जनजाति में प्रसव के लिए महिला के लिए अलग से झोपड़ी बनाई जाती है जिसे कुंम्बा कहा जाता है। विकल्प के रूप में पंडो, बैगा, कंवर और पहाड़ी कोरवा का नाम दिया गया था। इसी तरह मनियारी नदी के किस जलाशय परियोजना का नाम राजीव गांधी परियोजना रखा गया है इत्यादि सवाल थे, जिन्हें हल करने में दिक्कत नहीं हुई। अभ्यर्थी सीमा यादव ने कहा कि पर्चा कठिन था। गणित एवं कम्प्यूटर से संबंधित सवालों को हल करना आसान नहीं था। अन्य अभ्यर्थियों ने कहा कि जिसने पूरी मेहनत की होगी उन्हें सरल लगा होगा। ओवरआल पेपर औसत था।
सिर्फ 10,877 अभ्यर्थी उपस्थित
व्यापम द्वारा मंडी के सहायक संचालक, कनिष्ठ एवं वरिष्ठ सचिव के लिए परीक्षा आयोजित की गई। कुल दर्ज 27,473 परीक्षार्थियों में से 10,877 उपस्थित थे। जबकि 16,596 अनुपस्थित रहे। केंद्राध्यक्षों का कहना है कि बीते कुछ वर्षों में व्यापम की कई परीक्षाओं में उपस्थिति अमूमन ऐसी ही रहती है। यह चिंताजनक है। निश्शुल्क आवेदन जमा होने के कारण यह स्थिति बन रही है। कई युवा परीक्षा हाल तक नहीं पहुंचते।